राजनंदगांव

CG Board Copy Checking: छुट्टियों के दिनों में भी बोर्ड की कॉपियां जांचेंगे शिक्षक, रिजल्ट की तैयारी तेज…

CG Board Copy Checking: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के स्टेट हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से किया जा रहा है।

2 min read
CG Board Copy Checking: छुट्टियों के दिनों में भी बोर्ड की कॉपियां जांचेंगे शिक्षक, रिजल्ट की तैयारी तेज(photo-patrika)
CG Board Copy Checking: छुट्टियों के दिनों में भी बोर्ड की कॉपियां जांचेंगे शिक्षक, रिजल्ट की तैयारी तेज(photo-patrika)

CG Board Copy Checking: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के स्टेट हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से किया जा रहा है। खास बात यह है कि काम को समय पर पूरा करने के लिए अब अवकाश के दिनों में भी शिक्षकों से कॉपियां जांचने के निर्देश जारी किए गए हैं। पूरे मूल्यांकन केंद्र में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह प्रक्रिया संचालित हो रही है।

CG Board Copy Checking: अवकाश में भी जारी रहेगा मूल्यांकन कार्य

बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, मूल्यांकन कार्य में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए छुट्टियों में भी कॉपियां जांची जाएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल और मूल्यांकन प्रभारी की निगरानी में यह कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है।

चार दिन में 24 हजार से ज्यादा कॉपियां जांची गईं

पिछले चार दिनों से लगातार मूल्यांकन कार्य जारी है। अब तक 24,000 से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है। केवल एक दिन में करीब 300 शिक्षकों ने 8000 से अधिक कॉपियों की जांच की, जो इस प्रक्रिया की गति को दर्शाता है।

हर शिक्षक कर रहा रोजाना 40 कॉपियों की जांच

समन्वयक केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन औसतन 40 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने का लक्ष्य दिया गया है। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया को तय समय सीमा में पूरा करने में मदद मिल रही है।

प्रथम चरण में कुल 61,000 से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए केंद्र पर पहुंच चुकी हैं। प्रतिदिन लगभग 1,000 से 1,500 कॉपियों की जांच सुनिश्चित की जा रही है, जिससे जल्द ही पूरी प्रक्रिया समाप्त होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 100 मीटर दायरे में प्रवेश प्रतिबंधित

मूल्यांकन केंद्र पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्कूल के 100 मीटर के दायरे में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। केवल अधिकृत शिक्षक और कर्मचारी ही अंदर जा सकते हैं। प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक पुलिस की निगरानी में पूरा काम कराया जा रहा है।

समय पर रिजल्ट जारी करने की तैयारी

मूल्यांकन कार्य में तेजी लाकर बोर्ड समय पर परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। इसके लिए शिक्षकों और अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रों को बिना देरी के उनका परिणाम मिल सके।

Published on:
20 Mar 2026 04:48 pm