जोगी कांग्रेस के संजीत ठाकुर ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लगने के बाद भी मनरेगा मजदूरों को सरकारी योजना के तहत बांटने वाला टिफिन मोहला में खाली कराया जा रहा था।
राजनांदगांव. मोहला में सरकारी योजना के तहत वितरण होने वाले तीन कंटेनर टिफिन आने की जानकारी सामने आई है। जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को टिफिन खाली होने की जानकारी हुई और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिए। इस दौरान जोगी कांग्रेसियों ने विरोध करते हुए अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के बाद एसडीएम मोहला, तहसीलदार व टीआई ने मौके पर पहुंच कर टिफिन को कब्जे में लिया और सील की कार्रवाई कर वापस भेज दिया।
मोहला में खाली कराया जा रहा था कंटेनर
जोगी कांग्रेस के संजीत ठाकुर ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लगने के बाद भी मनरेगा मजदूरों को सरकारी योजना के तहत बांटने वाला टिफिन मोहला में खाली कराया जा रहा था। जानकारी होने के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे और हल्ला मचने पर अधिकारियों ने खाली हो रहे टिफिन को वाहनों में लोड कर सील की कार्रवाई की और कंपनी को वापस भेज दिया।
आदर्श आचार संहिता के लागू होने के बाद मोहला ब्लाक मुख्यालय में टिफिन डब्बा से लोड तीन कंटेनर पहुंचा था। एक कंटेनर टिफिन मोहला स्थित सरपंच सदन में खाली कराया जा रहा था। वहीं दूसरे को गोटाटोला और तीसरे कंटनेर को मानपुर भेजने की तैयारी थी। कांग्रेस व जोगी कांग्रेस ने इस मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।
चुनाव के बाद जाएगा बांटा
कलेक्टर भीम सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टर कंपनी से टिफिन लेकर सीधे पहुंच गए थे। जिसे स्टोर किया जा रहा था, चुनाव के बाद आबंटन किया जाता। प्रशासन की सामग्री है जब्त नहीं कर सकते, सील कर वापस भेज दिया गया है। पंचायत विभाग को चुनाव तक कोई भी सामग्री नहीं भेजने की जानकारी दे दी गई है। जनपद सीईओ मोहला बिरेंद्र सिंग ने बताया कि टिफिन बांटने का शेड्यूल आचार संहिता के बहुत पहले का है। सोमवार को टिफिन आने की जानकारी मिली। टिफिन को सुरक्षित गोदाम में रखवाया जा रहा था।