CG News: सत्ता में बैठते ही भाजपा सरकार ने किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर की राशि का एक मुश्त वितरण किया गया। कांग्रेस की सरकार अंतर की राशि 4 किश्तों में दे रही थी।
Chhattisgarh News: प्रदेश के किसानों को राज्य सरकार द्वारा खरीफ और रबी दोनों सीजन में बिना ब्याज के नकदी रकम और खाद केसीसी के माध्यम से दिया जाता है। जिला सहकारी बैंक से किसानों को ऋण का आबंटन होता है। इस साल खरीफ सीजन के लिए राजनांदगांव जिले के लगभग सवा लाख किसानों को 1500 करोड़ रुपए ऋण आबंटन का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें 900 करोड़ नकदी और 600 करोड़ खाद व अन्य सामग्री का आबंटन किया जाना है।
किसानों को जिला सहकारी बैंक से नकदी रकम व खाद का आबंटन शुरू हो गया है। किसान मानसून के पहले ही खेती की तैयारी में जुट जाते हैं। राज्य सरकार द्वारा किसानों को बिना ब्याज के सहकारी बैंकों के माध्यम से ऋण का आबंटन किया जाता है। खरीफ सीजन के लिए 15 अप्रैल से नकदी रकम व खाद का वितरण शुरू किया जा चुका है। किसान सहकारी बैंकों से खरीफ सीजन की खेती के लिए नकदी ऋण व खाद स्टाक कर रहे हैं।
जिला सहकारी बैंक से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 1 लाख 29 हजार किसानों का पंजीयन हुआ है। इस साल किसानों को खरीफ सीजन में 900 करोड़ का नकदी और 600 करोड़ का खाद व अन्य सामग्री आबंटन का लक्ष्य दिया गया है। जिले के लगभग 21 हजार किसानों द्वारा 100 करोड़ का ऋण लिया जा चुका है। किसान अपने क्षेत्र के जिला सहकारी बैंकों से नकदी रकम लेने व खाद का उठाव कर रहे हैं।
पिछले साल जिले के किसानों को 1200 करोड़ रुपए ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया था। साल के अंतिम में विधानसभा का चुनाव होना था। किसानों द्वारा कर्ज माफी की आस में लक्ष्य से अधिक कर्ज लिया गया था। पिछले साल किसानों द्वारा लक्ष्य 1200 करोड़ से ऊपर लगभग 1400 करोड़ का ऋण लिया गया था। सत्ता परिवर्तन के बाद किसानों का कर्ज माफी तो नहीं हुई, लेकिन भाजपा द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल और 3100 रुपए के दर से धान की खरीदी का वादा किया गया था। सत्ता में बैठते ही भाजपा सरकार ने किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर की राशि का एक मुश्त वितरण किया गया। कांग्रेस की सरकार अंतर की राशि 4 किश्तों में दे रही थी।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खरीफ सीजन 2024 में जिले में 1 लाख 82 हजार 207 हेक्टेयर में खेती का लक्ष्य है। पिछले साल भी जिले में इतने ही हेक्टेयर में खेती हुई थी। जिसमें जिले के 1 लाख 23 हजार किसानों द्वारा रिकॉर्ड 70 लाख क्विंटल धान की बिक्री की गई थी। पिछले साल जिले के किसानों को लगभग 1400 करोड़ ऋण आबंटन किया गया था। जिसमें किसानों से 98 प्रतिशत राशि लिंकिंग के माध्यम से वसूली की गई।
सीईओ श्रीकांत चन्द्राकर का कहना है कि जिले के सवा लाख किसानों को 1500 करोड़ रुपए ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है। नकदी व सामग्री शामिल है। किसानों को ऋण का आबंटन शुरू कर दिया गया है। अब तक 21 हजार किसानों को 100 करोड़ का ऋण आबंटन किया जा चुका है। ऋण आबंटन सितबर माह तक किया जाएगा।