राजनंदगांव

कबाड़ से जुगाड़: विज्ञान के साथ गणित की आकृतियों का भी बना दिया मॉडल

ब्लाक स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाया उत्साह

2 min read
बच्चों ने बढ़चकर जुगाड़ प्रदर्शनी में हिस्सा लिया।

राजनांदगांव / खैरागढ़. राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत गणित, विज्ञान माडल, कबाड़ से जुगाड़ प्रदर्शनी एवं प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्तर पर क्विज प्रतियोगिता व शिक्षा ओलम्पियाड मड़ई का ब्लाक स्तरीय आयोजन डाईट में किया गया। इसके पूर्व शाला स्तर पर एवं संकुल स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन कर चयनित मॉडल एवं छात्रों को ब्लाक स्तर पर शामिल किया गया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि डाईट प्राचार्य एसएन पंडा,अध्यक्षता बीआरसी सुजीत चौहान, बीईओ महेश भुआर्य की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में 97 माध्यमिक शाला के माडल प्रदर्शनी में शामिल हुए। प्रत्येक संकुल से 3 चयनित प्राथमिक शाला के गणित विज्ञान माडल में प्रदर्शनी में 54 एवं माध्यमिक स्तर में 90 छात्रों ने हिस्सा लिया।

मड़ई का आयोजन बना आकर्षण का केन्द्र
प्राशा कोहकाबोड़ के द्वारा शिक्षा ओलम्पियाड मड़ई का आयोजन किया गया जो आकर्षण का केन्द्र रहा। छात्रों ने नवाचार के तहत अपने आसपास पाए जाने वाले कबाड़ के सामान का उपयोग कर माडल तैयार किया। प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा उत्सर्जन तंत्र, वर्षा जल संग्रहण, प्रदुषण मुक्त उर्जा स्त्रोत, सोलर कुकर, वाटर फिल्टर, बायो स्कोप, वायु दाब का प्रभाव,स्टेथोस्कोप, कोण की माप, टरबाईन पावर ऊर्जा, जियो बोर्ड, पानी सफाई यंत्र , बायोगैस, ऊर्जा सरंक्षण, सौर ऊर्जा सहित गणित में वृत्तखंड का गुणधर्म, ज्यामिति, आकृतियां, गणित में खेल इत्यादि माडल का निर्माण कर तालियां बटोरी।

प्राथमिक स्तर पर प्राशा कोहकाबोड़ प्रथम
विज्ञान गणित माडल प्रदर्शनी में प्राथमिक स्तर पर प्राशा कोहकाबोड़ प्रथम, प्राशा कुसियारी द्वितीय एवं प्राशा अमलीपारा तृतीय स्थान पर रहे। माध्यमिक स्तर पर माशा कोहकाबोड़ प्रथम, माशा भरदाकला द्वितीय ओैर आंग्ल स्कूल खैरागढ़ को तीसरा स्थान मिला। क्वीज प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर प्राशा देवारीभाठ के डोगेन्द्र वर्मा प्रथम, प्राशा बाजगुड़ा के हीना मांडले द्वितीय एवं प्राशा सिंगारघाट के सोनिया यादव को तीसरा स्थान मिला। माध्यमिक स्तर पर माशा कुसियारी के हेमंत साहू प्रथम, माशा मरकामटोला के प्रियांशु देवांगन द्वितीय, माशा रीवागहन की पायल पटेल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

Published on:
12 Jan 2020 11:10 am
Also Read
View All