8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी! समिति से किया बड़ा फर्जीवाड़ा, जानें पूरा मामला

Pradeep Mishra Katha Fraud: राजनांदगांव जिले में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव पुराण कथा कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है।

3 min read
Google source verification
पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी! समिति से किया बड़ा फर्जीवाड़ा, जानें पूरा मामला(photo-patrika)

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी! समिति से किया बड़ा फर्जीवाड़ा, जानें पूरा मामला(photo-patrika)

Pradeep Mishra Katha Fraud: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रसिद्ध शिव पुराण कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। भोलेनाथ सेवा समिति अंबागढ़ चौकी के पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि आरोपी ने समिति को भरोसे में लेकर शिव पुराण कथा आयोजन का वादा किया और दो किश्तों में 21 लाख रुपये नगद ले लिए। बाद में पता चला कि बताई गई तारीखों में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा झारखंड के रांची में आयोजित थी।

Pradeep Mishra Katha Fraud: कथा आयोजन के नाम पर लिया 21 लाख रुपए

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भोलेनाथ सेवा समिति अंबागढ़ चौकी के अध्यक्ष दीपचंद रजक सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू ने दावा किया था कि वह 8 से 14 मई 2026 तक अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव पुराण कथा आयोजित करवाएगा। इसी भरोसे में समिति ने आरोपी को 24 फरवरी और 11 मार्च 2026 को दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपये दिए।

चेक नहीं, नगद में मांगे गए पैसे

समिति पदाधिकारियों के अनुसार आरोपी ने विशेष रूप से कहा था कि राशि चेक से नहीं बल्कि नगद दी जाए। इसके बाद समिति ने पहली किश्त में 5 लाख और दूसरी किश्त में 16 लाख रुपये आरोपी को सौंप दिए। समिति को भरोसा था कि कथा आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

पूरे क्षेत्र में शुरू कर दिया था प्रचार

दिनेश साहू के भरोसे के बाद समिति ने कथा आयोजन की तैयारियां बड़े स्तर पर शुरू कर दी थीं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए बैनर, पोस्टर, पंपलेट और रसीद बुक छपवाई गईं। इसके साथ ही क्षेत्रभर में आमंत्रण पत्र वितरित कर प्रचार-प्रसार किया गया। समिति ने प्रशासन को भी कार्यक्रम की आधिकारिक सूचना दे दी थी। इतना ही नहीं, विधानसभा अध्यक्ष सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को भी कथा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था।

टीवी चैनल से खुला फर्जीवाड़े का राज

समिति पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ दिनों बाद टीवी चैनलों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि 5 से 11 मई तक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा रांची, झारखंड में आयोजित है। इसके बाद समिति को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।

सच्चाई जानने सीहोर पहुंचे पदाधिकारी

मामले की पुष्टि करने के लिए समिति के अध्यक्ष दीपचंद रजक, सचिव लोकेश सिंह और अन्य सदस्य 6 अप्रैल 2026 को मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित गोपेश्वर धाम पहुंचे। पदाधिकारियों का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनकी मुलाकात पंडित प्रदीप मिश्रा से नहीं कराई। जब उन्होंने कथा आयोजन के संबंध में कार्यालय में जानकारी ली तो पता चला कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए एक रुपया भी जमा नहीं कराया गया था।

समिति को गुमराह करने का आरोप

समिति पदाधिकारियों का कहना है कि आरोपी दिनेश साहू ने कथा आयोजन की झूठी तारीख बताकर उन्हें गुमराह किया और पैसे खुद रख लिए। सीहोर से लौटने के बाद समिति के सदस्य आरोपी के गांव हालेकोसा पहुंचे, जहां उसने बाद में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। लेकिन रकम वापस नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

छुरिया पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और पैसों के लेनदेन सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

श्रद्धा के नाम पर ठगी से लोगों में नाराजगी

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों और श्रद्धा के नाम पर इस तरह की ठगी बेहद शर्मनाक है। समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

कौन हैं पंडित प्रदीप मिश्रा?

प्रदीप मिश्रा देशभर में शिव पुराण कथा वाचन के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी कथाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और कई राज्यों में उनके धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।