मास्क व सेनिटाइजर के अलावा अन्य सामानों का भी किया जा रहा वितरण, रक्षित केंद्र में तैयार किया जा रहा मास्क, पुलिस परिवार भी कर रहा मदद
राजनांदगांव. पुलिस जवान सड़क पर नियमों का पालन कराने लोगों पर सिर्फ डंडा नहीं बरसा रहा है, बल्कि ड्यूटी के साथ-साथ समाज सेवा में भी पीछे नहीं हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस के जवान लोगों की मदद कर रहे हैं। राशन आदि देने के अलावा मास्क व सेनिटाइजर का वितरण लेकर अन्य और मदद भी शामिल है। यही कारण है कि पुलिस प्रशासन के प्रति इन दिनों लोगों में विश्वास और इज्जत बढ़ी है।
एसपी जितेंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में रक्षित केंद्र में ड्यूटी कर रहे जवानों के अलावा उनके परिवार और आम लोगों के लिए लगातार मास्क बनाया जा रहा है। अच्छी बात यह कि इसमें दस पुलिस जवान के परिजन भी अपनी मुफ्त सेवा देकर इस वैश्विक महामारी से निपटने के लिए चल रहे महा अभियान में सहयोग कर हैं।
ज्ञात हो कि रक्षित केंद्र के सिलाई सेंटर के दर्जी इन दिनों लगातार मास्क बनाने का काम कर रहे हैं। यहां अब तक एक हजार मास्क का निर्माण किया जा चुका है, जिसमें से ७०० मास्क का वितरण भी किया जा चुका है।
पुलिस प्रशासन द्वारा अपने जवानों के अलावा अब तक ४ हजार से अधिक लोगों को मास्क व सेनिटाइजर का विरतण किया जा चुका है। इसमें समाज सेवियों व संस्थाओं से मिले मास्क व सेनिटाइजर भी शामिल है। पिछले दिनों महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों को बाघनदी के पास सड़क चिरचारी डिपों में रखा गया था, वहां भी सभी लोगों को मास्क व सेनिटाइजर का वितरण किया गया था। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में टीआई के नेतृत्व में सूखा राशन का वितरण किया जा रहा है।
मामले में रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता नहे बताया कि रक्षित केंद्र में विभागीय दर्जी इन दिनों सिर्फ मास्क बनाने का काम कर रहे हैं। इसमें पुलिस परिवार के लोग भी मदद कर रहे हैं। यहां बन रहे मास्क को पुलिस जवानों के अलावा आम लोगों में भी वितरण किया जा रहा है।