
राजनांदगांव. स्वतंत्रता दिवस पर राज्य में 4 नए जिले बनाने की घोषणा सीएम (CM Bhupesh Baghel) ने की है। इस फैसले से राजनांदगांव जिले में बवाल मच गया है। नक्सल प्रभावित मोहला-मानपुर (Mohla manpur) को अलग जिला बनाने की घोषणा करते ही अंबागढ़ चौकी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आजादी का जश्न छोड़ वे सड़क पर उतर आए। उनका साथ देने के लिए खुज्जी विधायक छन्नी साहू भी धरने पर बैठ गई। महिला विधायक ने समर्थकों के साथ अंबागढ़ चौकी में रविवार सुबह से लेकर देर शाम तक धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया। बाद में रिहा होने के बाद विधायक सीधे रायपुर सीएम हाउस पहुंच गई।
लोग इसलिए नाराज
विधायक छन्नी साहू ने मुख्यमंत्री को क्षेत्रवासियों की भावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने सीएम को बताया कि दरअसल ये लोग कई सालों से अंबागढ़ चौकी को जिला बनाने की मांग रहे थे, लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर राजनांदगांव के मानपुर-मोहला को अलग जिला बनाने की घोषणा कर दी गई। जिसके कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
जारी रहेगा प्रदर्शन
राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक छन्नी चंदू साहू ने बताया कई बार मुख्यमंत्री को चौकी और मोहला मानपुर को जोड़कर नया जिला बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी तब तक प्रदर्शन चलेगा। उम्मीद है कि लोगों की मांग को गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में 4 नए जिले बनाने की घोषणा की है। अब मोहला-मानपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मनेन्द्रगढ़ को जिला बनाया जाएगा। इन्हें मिलाकर अब प्रदेश में 32 जिले हो जाएंगे। इसके साथ ही 18 नई तहसीलें बनाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।