
E-challan OTC: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सरकारी भुगतान प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब ई-चालान को बढ़ावा देने के लिए 1 अप्रैल 2026 से ओटीसी (OTC) सुविधा लागू की जाएगी। इसके साथ ही पारंपरिक भौतिक चालानों की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी और सभी चालान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे।
जिला कोषालय अधिकारी के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब किसी भी प्रकार के भौतिक चालान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी विभागों और जमाकर्ताओं को ई-चालान पोर्टल के माध्यम से ही चालान भरना और जमा करना होगा। ओटीसी सुविधा के तहत ई-चालान पोर्टल पर चालान भरते ही उसका डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा। इससे बैंक स्तर पर दोबारा डेटा एंट्री की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ त्रुटियों में भी कमी आएगी।
नई व्यवस्था के अनुसार बैंक काउंटर पर केवल वही चालान स्वीकार किए जाएंगे, जो ऑनलाइन जनरेट किए गए हों और जिनमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर दर्ज हो। इसी नंबर के आधार पर राशि जमा की जाएगी और पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से ट्रैक की जा सकेगी। बता दें की बैंक द्वारा जमा की गई राशि की जानकारी एमआईएस (मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम) के माध्यम से सीधे कोषालय को ऑनलाइन भेजी जाएगी। इससे लेखांकन प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी बनेगी।
नई व्यवस्था लागू होने से मैन्युअल डेटा एंट्री में होने वाली गलतियों में कमी आएगी। साथ ही पूरे सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी और रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। ई-चालान पोर्टल में ‘सर्च प्लान’ विकल्प के जरिए जमाकर्ता आसानी से अपने चालान का प्रिंट निकाल सकेंगे। यह सुविधा पहले भौतिक चालान में उपलब्ध नहीं थी, जिससे कई बार रिकॉर्ड ढूंढने में परेशानी होती थी।
आपको बता दें की जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और चालान जमाकर्ताओं को नई ई-चालान प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि 1 अप्रैल से व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो सके।