मुरमुंदा गांव में लोक गायिका ममता चंद्राकर के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार रात को हुए बलवा के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने घटना के दूसरे दिन गांव के कोटवार अंजोरदास मानिकपुरी के पुत्र पेमन दास सहित शत्रु पिता कमलेश यादव 22, सूरज पिता रामनाथ कदम 25 एवं भवानी पिता लतखोर कंवर 30 को गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस वाहन फूंकने, पथराव के इस मामले में 20 से 22 ग्रामीणों की और गिरफ्तारी होनी है। युवकों की गिरफ्तारी से घटना में शामिल रहे ग्रामीण खौफजदा हैं और दुबके हुए हैं।
मुरमुंदा गांव में सन्नाटा
पत्रिका टीम ने रविवार को मुरमुंदा गांव का मुआयना किया। घटना के बाद से यहां सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़क किनारे स्थित ज्यादातर दुकानें बंद मिलीं। हालांकि गांव के कुछ बच्चे मैदान पर क्रिकेट खेलते नजर आए। बुजुर्ग भी चाय के ठेले में बैठे मिले। बताया कि पुलिस की सख्ती के कारण बलवा के हालात निर्मित हुए। पुलिस चाहती तो स्थिति को नियंत्रित कर सकती थी पर सीधे लाठी भांजी गई। इसके चलते हालात बिगड़े। ग्राम पंचायत के बाजू बने स्टेज को निकालने का कार्य चल रहा था। ग्रामीण कार्रवाई के डरे घर में दुबके हुए हैं। सन्नाटा पसरा हुआ है।
माहौल और बिगडऩे का डर, एक साथ गिरफ्तारी नहीं
इस पूरे मामले में गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। गांव में डेरा डालकर एक साथ सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी तो माहौल बिगड़ सकता है। इसके चलते पुलिस कार्रवाई का दिखावा करते हुए तीन, चार युवकों को ही दबोच रही है। पकड आए आरोपियों के विरुद्धधारा 147, 148, 149,307, 353, 323,435, 186 आईपीसी 3-4 लोक संपत्ति अधिनियम की धारा कायम कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद से प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही
मुरमुंदा गांव को रूर्बन मिशन के अंतर्गत कलस्टर का हेड गांव बनाया गया है। मिशन का क्रियान्वयन इसी गांव के अंतर्गत होना है। इस बलवा की घटना के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है कि गांव की स्थिति में कैसे सुधार करेंगे? यहां कई तरह के आयोजन होने हैं।
आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई
टीआई अमित बेरिया ने बताया कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपियों की पतासाजी चल रही है। दो दर्जन से अधिक आरोपियों का नाम सामने आ रहा है। इस मामले में सभी आरोपियों पर कार्रवाई होगी।