
राजनांदगांव। Navratri Puja 2023 : शारदीय नवरात्र का महाअष्टमी पर्व रविवार को मनाया जाएगा। सभी देवी पंडाल व मंदिरों में विशेष हवन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसके बाद सोमवार को विसर्जन के बाद बुधवार का असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी मनाया जाएगा। आयोजन समिति तैयारी में जुटी है।
नवरात्र के दौरान आदी शक्ति माता की पूजा और दर्शन का विशेष महत्व होता है। नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पदयात्रा करते हुए पहुंचते हैं। हालांकि पंचमी के बाद से पदयात्रियों की संख्या बहुत घट गई है। पदयात्री मार्ग और सेवा पंडालों में सन्नाटा पसर गया है। शहर से लेकर गांवों में सप्तमी और महाअष्टमी के अवसर माता के जगराता सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बनाया गया है विसर्जन कुंड
सोमवार को ज्योत-जंवारा और माता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। शहर में विराजे प्रतिमाओं को मोहारा स्थित विसर्जन कुंड में विसर्जित किया जाएगा। वहीं मां पाताल भैरवी स्थित मंदिर के मनोकामना ज्योति कलशों को मंदिर परिसर में बने विसर्जन कुंड में विसर्जित किया जाएगा।