Crime News : खड़गांव थाना के दोराबा गांव में पत्ता तोड़ने जंगल गए एक ग्रामीण को गोली लगी है। घटना में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल है।
Rajnandgaon Crime News : खड़गांव थाना के दोराबा गांव में पत्ता तोड़ने जंगल गए एक ग्रामीण को गोली लगी है। घटना में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए राजनांदगांव स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण को गोली किसने मारी मामला संदिग्ध है। पुलिस मामला दर्ज कर विवेचना में जुटी हुई है। मामले में नक्सल घटना व अन्य कोई और घटना होने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार दोराबा निवासी 45 वर्षीय सगनु राम सलामे के परिवार में किसी के घर शादी है। सगनुराम शुक्रवार शाम को पलाश का पत्ता तोड़ने गांव के जंगल में गया था। इस दौरान सगनु राम को जंगल में 4 से 5 राऊंड गोली चलने की आवाज आई।
रातभर जंगल में बेहोश पड़ा रहा
सगनुराम गोली की आवाज सुन कर उसे देखने उसी दिशा में चले गया। इस दौरान सगनु राम के हाथ और सीने में गोली लग गई। घटना में सगनु राम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर बेहोश होकर गिर गया। बताया जा रहा है कि सगनु राम रात भर मौके पर बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। रातभर घर नहीं लौटने पर उसके परिजन उसे खोजते हुए जंगल पहुंचे। इस दौरान सगनु राम खून से लथपथ हालत में मौके पर बेहोश पड़ा था। परिजन उसे तत्काल मोहला स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे।
गंभीर स्थिति को देखते हुए सगनुराम को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सगनुराम को शिकार का शौक था। आशंका है कि शिकार करते समय उसके स्वयं के भरमार बंदूक से बैक फायर होने से गोली लगी होगी। फिलहाल मामला संदिग्ध है और पुलिस विवेचना में जुटी है।