Weather Alert: छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। द्रोणिका और चक्रवात के असर से कई जिलों में आंधी बारिश की संभावना है...
Weather Alert: भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। द्रोणिका और ऊपरी हवा के चक्रवात के असर से अगले 2 दिनों तक आंधी, बारिश की संभावना है। दूसरी ओर मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। इससे लोगाें को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि इसके बाद यानी 4 अप्रैल से बादल साफ होने से तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के मध्य द्रोणिका के असर के चलते जिले के मौसम में एक बार फिर बदलाव आया है। मौसम विभाग की माने तो द्रोणिका के असर के चलते जिले के कुछ हिस्सों में आने वाले दो दिनों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पिछले हफ्ते बदले हुए मौसम में उत्तर छत्तीसगढ़ व दक्षिण के कुछ स्थान बारिश से तर हो गए थे। जमकर ओले भी बरसे थे, हालांकि इस बार ऐसी संभावना नहीं है।
बीते एक सप्ताह में प्रदेश तप रहा है। इस दौरान रायपुर में तीसरी बार पारा 40 से अधिक गया। हालांकि आज बादलों की वजह से तापमान में मामूली गिरवट आई। इधर बिलासपुर, दुर्ग में भी तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अच्छी गर्मी पड़ रही है और पारा सामान्य से तीन डिग्री तक ज्यादा चल रहा है। हालांकि आज लोगों को राहत मिली है।
राजनांदगांव में भी रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। सोमवार को भीषण गर्मी के बाद रात में तापमान में गिरावट के कारण लोगों को रात में भी राहत महसूस हुई है। इधर बारिश के संभावना के बीच दलहन-तिलहन की फसल लेने वाले किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान के बीच होने वाले अंतर के चलते इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है।
किसान इन दिनों गेहूं-चना, सरसो, मसुर, लाखड़ी सहित अन्य दलहन-तिलहन की फसल की कटाई और मिंजाई में जुटे हुए हैं। बारिश धान की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगी, तो टमाटर सहित अन्य सब्जी की फसल को नुकसान हो सकता है। इधर सोसाइटियों से पूरी तरह धान का उठाव नहीं होने से भी प्रबंधकों की परेशानी बढ़ी हुई है।