राजसमंद

गुटों में बंटी राजसमंद भाजपा, राजस्थान को देगी एकजुटता का संदेश

भाजपा की राजस्थान गौरव यात्रा की तैयारियों में दिख रही गुटबाजी - मंत्री और सांसद के धड़ों की अलग अलग बैठकें
3 min read
Rajsamand,Rajsamand local news,rajsamand news in hindi,vasundra raje,rajsamand latest hindi news rajsamand,Latest News rajsamand,Latest hindi news rajsamand,
गुटों में बंटी राजसमंद भाजपा, राजस्थान को देगी एकजुटता का संदेश

मंत्री और सांसद के धड़ों की अलग अलग बैठकें
राजसमंद. वसुंधरा सरकार की उपलब्धियां गिनाने और राजस्थान में भाजपा की एकजुटता का संदेश देने के लिए राजसमंद से 4 अगस्त को राजस्थान गौरव यात्रा शुरू होगी। दो धड़ों में बंटे होने के बावजूद राजसमंद भाजपा के कार्यकर्ता आमजन को एकजुटता का संदेश देने में जुट गए हैं। दो गुटों की अलग अलग तैयारियों व बैठकों से भाजपा की गुटबाजी फिर सामने आ गई।


भाजपा का लक्ष्य राजसमंद की सभा में अधिकाधिक भीड़ जुटाना है और एक उद्देश्य के लिए उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी व सांसद हरिओमसिंह राठौड़ द्वारा कार्यकर्ताओं की अलग अलग बैठकें ली जा रही है। मंत्री व सांसद अलग अलग बैठकें लेकर भी कार्यकर्ताओं को बिना किसी राग द्वेष के एकजुट होकर तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करने के लिए गांव-ढाणी में जन संपर्क भी दोनों धड़ों द्वारा अलग अलग किया जा रहा है। इससे भाजपा का अन्तर्कलह व गुटबाजी फिर खुलकर सामने आ गई है।


सांसद ने ली अलग बैठक
जिला कलक्ट्री स्थित सांसद कार्यालय पर सांसद हरिओम सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्थान गौरव यात्रा के स्वरूप व तैयारियों पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि 4 अगस्त को होने वाली सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करने के लिए डोर टू डोर जनसंपर्क करें। बैठक में पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, पूर्व जिलाध्यक्ष नन्दलाल सिंघवी, भाजयुमो पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक रांका, महेश पालीवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल कृष्ण पालीवाल, पूर्व उप प्रधान सुरेश जोशी, गिरिराज काबरा, पंचायत समिति सदस्य संपतनाथ सिंह चौहान, धीरज पुरोहित, जगदीश प्रजापत, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष हितेश पालीवाल, सुभाष पालीवाल, परीक्षित आचार्य आदि थे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र कुछ अन्य कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को फिर आयोजित होगी, जिसमें सांसद द्वारा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा कर जनसंपर्क अभियान की प्रगति रिपोर्ट लेंगे।


कार्यालय पर मंत्री ने ली बैठक
गौरव यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने शनिवार शाम व रविवार सुबह भी कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक ली। बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए गांव-ढाणी तक प्रचार प्रसार के लिए 8 रथ रवाना करने व अन्य कार्यों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी। कमल तलाई स्थित कार्यालय से आठों रथ विभिन्न गांव- ढाणियों के लिए रवाना हुए। हर रथ के लिए पंचायत प्रभारी बनाए गए हैं, जो रथ के साथ रहेंगे। रथ से लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए 4 अगस्त को सभा में आने का न्यौता दिया जाएगा। इस दौरान राजस्थान गौरव यात्रा जिला प्रभारी भरत पालीवाल, जि़ला कोषाध्यक्ष मानसिंह बारहठ, मंडल अध्यक्ष महेंद्र टेलर, जगदीश पालीवाल, प्रमोद सेन, महेश आचार्य आदि मौजूद थे।


सोशल मीडिया पर भी गुटबाजी
गुटबाजी में बंटे भाजपा कार्यकर्ता कई बार सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जता चुके हैं। फिर भी न तो भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एक हो पाए और न ही आम कार्यकर्ता। पार्टी के मीडिया संयोजक मधुप्रकाश लड्ढा, अशोक रांका, महेश आचार्य, गिरीराज काबरा के साथ कई पदाधिकारी सोशल मीडिया खुलकर पार्टी के कार्यकर्ता की दुदर्शा बता चुके हैं।

पार्टी के लिए कार्यकर्ता एकजुट
राजस्थान गौरव यात्रा की सभा में हर बूथ से सौ लोगों को लाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए हर कार्यकर्ता जुट गया है। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है और न ही कोई कार्यकर्ता नाराज। किसी को बुलाने, न बुलाने की तो बात ही नहीं है। हर कार्यकर्ता का दायित्व है, जो बिना राग द्वेष के जुट जाए।
भंवरलाल शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नहीं बुलाया
मेरे रग-रग में भाजपा है। मैं पार्टी के लिए सदैव कार्य करता रहूंगा, मगर मेेरे अलावा कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष द्वारा बुलाया ही नहीं गया। इसलिए कुछ कार्यकर्ताओं की सांसद द्वारा बैठक ली गई, जिसमें गांव- ढाणी में जाकर जनसंपर्क के लिए सांसद द्वारा निर्देश मिले। गौरव यात्रा की सभा में अधिकाधिक लोगों को शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अशोक रांका, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजयुमो


सांसद के साथ औपचारिक बैठक
राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं की सांसद कार्यालय पर औपचारिक बैठक हुई। गुटबाजी की कोई बात नहीं है। नाथद्वारा विधानसभा की बैठक ली, जिसमें सभी पदाधिकारी थे। पार्टी में व्यक्तिगत मनमुटाव, गुटबाजी से मतलब नहीं। सब कार्यकर्ता एक है और एक ही रहेंगे।
नन्दलाल सिंघवी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा


हम बांट रहे चावल
मैं कार्यकर्ता हूं और पार्टी सर्वोपरि है। सांसद की अध्यक्षता में बैठक में भी गौरव यात्रा की तैयारी पर ही चर्चा की गई। गौरव यात्रा की सभा में लोगों को लाने के लिए पीले चावल बांट रहे हैं। गुट विशेष द्वारा मुझे नहीं बुलाया, मगर पार्टी के कार्य के लिए यह मायने नहीं रखता। सांसद के मार्गदर्शन में पार्टी की सेवा कर रहा हूं।
सुरेश जोशी, पूर्व उप प्रधान राजसमंद


कार्यसमिति की बैठक गया
मुझे चारभुजा में पार्टी की कार्यसमिति की बैठक के लिए कॉल आया, तो मैं गया। रथ रवाना करने व अन्य बैठक में नहीं बोला, मगर राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर मेरे साथ सभी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। हर कार्यकर्ता की जो नैतिक जिम्मेदारी है, उसे निभाने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूं और इसी की तैयारियों की सांसद ने बैठक ली समीक्षा की है।
महेश पालीवाल, पूर्व जिला महामंत्री राजसमंद

Published on:
30 Jul 2018 12:31 pm