राजसमंद

राजसमंद की लखपति दीदियों ‘सरिता’ और ‘निर्मला’ से मुख्यमंत्री ने किया संवाद

रविवार का दिन राजीविका की लखपति दीदियों के लिए विशेष और यादगार बन गया, जब राजसमंद की लखपति दीदियां सरिता कंवर और निर्मला शर्मा का मुख्यमंत्री से सीधा संवाद हुआ।

3 min read
Lakhpati Didi

राजसमंद. रविवार का दिन राजीविका की लखपति दीदियों के लिए विशेष और यादगार बन गया, जब राजसमंद की लखपति दीदियां सरिता कंवर और निर्मला शर्मा का मुख्यमंत्री से सीधा संवाद हुआ। इस संवाद ने न केवल दोनों महिलाओं का उत्साह बढ़ाया, बल्कि राजसमंद राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी उम्मीद की नई किरण दिखाई। मुख्यमंत्री से संवाद के बाद दोनों लखपति दीदियां बेहद प्रसन्न नजर आईं और उन्होंने इस अवसर के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संवाद से उन्हें आत्मविश्वास मिला है और आगे बढ़ने की नई प्रेरणा प्राप्त हुई है।मुख्यमंत्री से संवाद के बाद जब दोनों महिलाएं कलेक्ट्रेट से अपने घर लौटीं, तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने बताया कि इस संवाद ने उन्हें जीवन की नई दिशा दी है और अब वे और अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी।

जिला कलक्टर एक भाई की तरह देंगे प्रोत्साहन

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि प्रशासन लखपति दीदियों के साथ खड़ा है और वे एक भाई की तरह उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि वे आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें। इस दौरान जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसीईओ एवं जिला परियोजना प्रबंधक सुमन अजमेरा आदि मौजूद रहे। रविवार को मुख्यमंत्री लखपति दीदी सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के समन्वय एवं मार्गदर्शन में डीओआईटी वीसी कक्ष में रविवार को वर्चुअल माध्यम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से जिले सहित प्रदेश की लखपति दीदियों से वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा तथा भी वर्चुअल रूप से शामिल रहे। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लखपति दीदियों से यह जानकारी ली गई कि किस प्रकार उन्होंने राजीविका मिशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं से सहयोग प्राप्त कर अपनी आजीविका गतिविधियों का विस्तार किया, आत्मनिर्भर बनीं तथा लखपति श्रेणी में स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिले की चयनित लखपति दीदियों के साथ-साथ देलवाड़ा ब्लॉक की निर्मला शर्मा तथा राजसमंद ब्लॉक की सरिता कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री द्वारा दोनों से संवाद करते हुए उनके संघर्ष, प्रारंभिक कठिनाइयों तथा लखपति दीदी बनने तक की यात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा लखपति दीदियों को सम्मान स्वरूप टैबलेट प्रदान किए गए, जिससे वे डिजिटल रूप से सशक्त होकर अपनी आजीविका गतिविधियों का अधिक प्रभावी संचालन कर सकें।

महिला सशक्तिकरण सरकार का ध्येय :कलक्टर

कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम राजस्थान सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए कौशल प्रशिक्षण, कम ब्याज दर पर एक लाख रुपये तक का ऋण तथा डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे वार्षिक एक लाख रुपये या उससे अधिक आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकें। यह योजना राजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित की जा रही है। राजीविका एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित लखपति दीदी कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ते हुए वार्षिक एक लाख रुपये या उससे अधिक की आय अर्जित करने में सक्षम बनाना है।

राजीविका ने दिया हजारों महिलाओं को नया जीवन

कार्यक्रम के तहत महिलाओं को कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, स्वरोजगार तथा लघु उद्यमों से जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण, वित्तीय साक्षरता, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से सीधा जुड़ाव उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित हो रही है। अधिकारियों के अनुसार लखपति दीदी कार्यक्रम महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें निर्णय लेने में सक्षम बनाकर समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम से लाभान्वित महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज में अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।

ये रहे उपस्थित

जिला प्रबंधक (आजीविका) मनीष कुमार मेवाड़ा, जिला प्रबंधक आईबी भेरूलाल बुनकर, जिला लेखाकार हेमंत छिपा, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक प्रेमनाथ योगी सहित राजीविका से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Published on:
22 Dec 2025 11:21 am
Also Read
View All

अगली खबर