
crime news
नाथद्वारा. अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान नए पुलिस अधीक्षक के ज्वाइन करते ही तेज हो गया है। एसपी के कार्यभार संभालने के पहले ही दिन नाथद्वारा थाना पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही करीब 25 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि एसपी हेमंत कलाल, एएसपी महेंद्र पारीक और डिप्टी शिप्रा राजावत के निर्देश पर अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। शनिवार रात थाना क्षेत्र के गुंजोल में नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रुकवाया गया। ट्रक पर काले रंग की तिरपाल बंधी हुई थी।
पुलिस ने जब ट्रक चालक और परिचालक से नाम, पता और ट्रक में भरे सामान के बारे में पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में सफेद रंग का पाउडर भरा हुआ मिला और आगे की तरफ काले प्लास्टिक में पैक किए हुए कार्टन रखे हुए थे। कार्टनों को खोलकर देखा तो उनमें अवैध शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने ट्रक में रखे कार्टनों की गिनती की, जिसमें 142 कार्टन ग्रीन लेबल व्हिस्की, 99 कार्टन व्हाइट लेस वोदका और 11 कार्टन ऑल सीजन व्हिस्की पाए गए। कुल 252 कार्टन अवैध शराब जब्त कर ली गई। अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया गया।
पुलिस ने करीब 25 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब की तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के ढाडोली खुर्द निवासी रिजवान (41) पुत्र अब्दुल रज्जाक मेव और बिलोंडा निवासी अख्तर (47) पुत्र दिलावर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से अवैध शराब की तस्करी के विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह, एएसआई कमलेंद्र सिंह और हंसराज, हेड कांस्टेबल श्रवणलाल, रिपुदमन सिंह और मदन सिंह, कांस्टेबल विक्रम सिंह, बहादुर सिंह, भूराराम, अशोक कुमार, राजेश कुमार, मोहनलाल, राकेश कुमार तथा चालक भोपाल सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Published on:
16 Mar 2026 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
