
कुंभलगढ़ (राजसमंद)। विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार रात को कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कणुजा गांव में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। घटना को लेकर केलवाड़ा थाने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करवाया है।
भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले में मदनसिंह परमार निवासी कणुजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कणुजा निवासी शंकरलाल जोशी एवं रूपसिंह सहित 4-5 लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी एवं मारपीट की। वे पार्टी का प्रचार नहीं करने की बात कहकर धमका रहे थे। यह भी आरोप लगाया कि पैसा ले लें या घर छोड़ दें, लेकिन भाजपा का प्रचार नहीं करे। केलवाड़ा पुलिस ने बलवा कर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। राठौड़ ने ग्राम पंचायत कणुजा एवं ग्राम पंचायत कडिय़ा में चुनाव आयोग से अतिरिक्त जाप्ता तैनात करने की मांग की है।
इधर, कांग्रेस के शंकरलाल जोशी ने बनोकाड़ा के पूर्व सरपंच संजय लक्षकार एवं कणुजा निवासी मदन सिंह सहित 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ मंगलवार रात को धमकियां देने एवं घर में घुसकर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि शराब के नशे में गाड़ी को टक्कर मारी गई। पुलिस ने परस्पर मामले दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।