कुंवारिया. क्षेत्र में मीटर गेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तन के बाद नवनिर्मित रेल ट्रैक पर मालगाड़ी के पहुंचते ही मानो वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। जैसे ही ब्रॉडगेज पटरियों पर मालगाड़ी का संचालन शुरू हुआ, उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे ट्रैक के आसपास उमड़ पड़े। पूरे इलाके में उत्साह और […]
कुंवारिया. क्षेत्र में मीटर गेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तन के बाद नवनिर्मित रेल ट्रैक पर मालगाड़ी के पहुंचते ही मानो वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। जैसे ही ब्रॉडगेज पटरियों पर मालगाड़ी का संचालन शुरू हुआ, उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे ट्रैक के आसपास उमड़ पड़े। पूरे इलाके में उत्साह और खुशी का माहौल छा गया। धीमी गति से गुजरती मालगाड़ी के साथ लोगों का जोश चरम पर था। ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट और हाथ हिलाकर इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया। इंजन की गूंजती आवाज और सीटी के साथ पूरा क्षेत्र उत्साह से भर उठा, मानो नई शुरुआत का संदेश दे रहा हो।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी को सरदारगढ़ क्षेत्र में खाली करने के बाद गुरुवार रात कुंवारिया रेलवे स्टेशन पर रोककर रखा गया। सुरक्षा के मद्देनज़र इंजन के पहियों को लोहे की मजबूत सांकल से पटरियों से बांधकर सुरक्षित किया गया, ताकि किसी भी अनचाही हलचल से ट्रेन अपने स्थान से न हट सके। इसके बाद शुक्रवार को दिन में मालगाड़ी को अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थानीय जानकारी के मुताबिक नाथद्वारा से कुंवारिया तक ब्रॉडगेज लाइन बिछाने का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कुंवारिया से सरदारगढ़ तक कार्य तेजी से प्रगति पर है। वहीं सरदारगढ़ से देवगढ़ तक लाइन निर्माण कार्य जारी है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि देवगढ़ से मारवाड़ तक ब्रॉडगेज लाइन का कार्य पूरा होने पर मारवाड़ का मेवाड़ होते हुए मालवा क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा, जो सामरिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इसी को लेकर क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्रालय से देवगढ़ से मारवाड़ तक ब्रॉडगेज लाइन का कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है।