
Rajsamand: मृतका माया देवी (फाइल फोटो-पत्रिका)
राजसमंद। जिले के भीम थाना क्षेत्र में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि घटना की रात घर की लाइट बंद करने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया था। मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून को दर्रा अजीतगढ़ निवासी छगनसिंह रावत ने अपनी बहन माया देवी की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि माया देवी का विवाह करीब 12 वर्ष पहले डांसरिया निवासी जगदीशसिंह उर्फ जग्गू रावत से हुआ था। परिजनों का आरोप था कि पति अक्सर माया देवी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। 19 जून की देर रात आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
इस हत्याकांड का सबसे दर्दनाक पहलू मृतका के आठ वर्षीय बेटे का फोन कॉल रहा। घटना के तुरंत बाद बच्चे ने अपनी मौसी अनिता देवी को फोन कर बताया, 'पापा ने मम्मी को कुल्हाड़ी से मार दिया है।' बच्चे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में माया देवी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। शव के पास ही वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पड़ी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। भीम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगदीशसिंह को घटना के 24 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अनिद्रा की समस्या से जूझ रहा था। घटना वाली रात घर की लाइट बंद करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले ली।
पुलिस जांच के दौरान एफएसएल और कार्यप्रणाली शाखा की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, हथियार और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है।
परिजनों ने मृतका के साथ लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ना किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि माया देवी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी, जबकि पति अक्सर झगड़ा करता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी समेत अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है।
Updated on:
23 Jun 2026 07:39 pm
Published on:
23 Jun 2026 07:38 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
