19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Road Accident: गुजरात में कार-डंपर की टक्कर, राजस्थान के नर्सिंग ऑफिसर के माता-पिता की मौत, महिला थी टीचर

Car-Dumper Accident: गुजरात के अहमदाबाद-इंदौर हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राजसमंद के दंपती की मौत हो गई। इलाज के लिए अहमदाबाद जा रहे दंपती की कार हाईवे पर खड़े डंपर से टकरा गई, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

2 min read
Google source verification
Car-Dumper Accident

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका

आणंद/राजसमंद। अहमदाबाद-इंदौर हाईवे पर कठलाल के छीपड़ी बस स्टॉप के सामने शुक्रवार एक गंभीर सड़क दुर्घटना में कार में सवार राजस्थान के एक दंपती की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार राजस्थान के राजसमंद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्सिंग अधिकारी के रूप में कार्यरत विकास कुमार शुक्ला के माता-पिता कार से अहमदाबाद इलाज के लिए जा रहे थे। उनके पिता विनोद किशनलाल शुक्ला (62) कटलरी का व्यापार करते थे, जबकि माता रमीला विनोद शुक्ला (57) बडोदिया की सीनियर सेकेंडरी हाई स्कूल में शिक्षिका थीं।

यह वीडियो भी देखें

विनोद को कोलेस्ट्रॉल और थायरॉइड की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए वे अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल जाने के लिए सुबह घर से निकले थे। लगभग सुबह 9:30 बजे जब उनकी कार कठलाल तहसील के छीपड़ी पाटिया के पास से गुजर रही थी, तभी हाईवे के बीच में खड़े एक अज्ञात डंपर के पिछले हिस्से से कार तेज रफ्तार में टकरा गई। डंपर सड़क के बीच में बिना कोई पार्किंग लाइट या चेतावनी संकेत लगाए खड़ा था।

कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डंपर के अंदर घुस गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कठलाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दंपती को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने मृतक महिला के मोबाइल से उनके पुत्र विकास को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास अपने परिवार के साथ कठलाल सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कठलाल पुलिस स्टेशन में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ दुर्घटना की शिकायत दर्ज कराई।

21 वर्षीय युवक की मौत

वहीं राजसमंद के दिवेर थाना क्षेत्र के छापली महादेव जी की नाल स्थित हरि सागर तालाब में डूबने से एक 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस के अनुसार छापली कानावास निवासी मोहन सिंह (21) पुत्र गाजी सिंह अपने दोस्तों के साथ छापली महादेवजी की नाल में घूमने गया था। सभी युवक वहां प्राकृतिक सौंदर्य और मौसम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान तालाब की पाल पर खड़े मोहन सिंह का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

घटना के बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिवेर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल शिव सिंह, कांस्टेबल हेमराज तथा राजेश पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल डिफेंस राजसमंद को भी मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों और सिविल डिफेंस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को छापली स्थित स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।