
Rajsamand Panther Death: हादसे के बाद की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
राजसमंद। जिले के पीपली आचार्यान क्षेत्र के एमड़ी गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। शिकार की तलाश में घूम रही करीब एक साल की मादा पैंथर बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गई और करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया, जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई। रविवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कराया।
जानकारी के अनुसार, एमड़ी गांव के श्मशान मार्ग के पास शनिवार देर रात पैंथर शिकार की तलाश में घूम रहा था। इसी दौरान वह बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। ट्रांसफार्मर में प्रवाहित करंट की चपेट में आते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के चलते रात करीब 12 बजे बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया और पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।
सूचना मिलने पर लाइनमैन कन्हैयालाल कुमावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल की। शुरुआत में फॉल्ट का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन रविवार सुबह जांच के दौरान ट्रांसफार्मर पर पैंथर का शव दिखाई दिया।
कांकरोली विद्युत निगम के सहायक अभियंता नितेश लोधा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके का निरीक्षण किया गया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। रेंजर सत्यानंद गरासिया के नेतृत्व में वन रक्षक हेमंत नागदा, पन्नालाल कुमावत और गिरधारीलाल सैनी की टीम मौके पर पहुंची और पैंथर के शव को कब्जे में लिया। शव को पीपरड़ा नर्सरी ले जाकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।
वन विभाग के अनुसार मृत पैंथर करीब एक वर्ष की मादा थी। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से उसकी मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि पैंथर ट्रांसफार्मर तक कैसे पहुंचा।
Updated on:
02 Aug 2026 07:30 pm
Published on:
02 Aug 2026 07:30 pm
