राजसमंद

अंदर वोटों का मुकाबला, बाहर जिलाध्यक्षों का याराना, तस्वीर के मायने तलाशने में जुटे सियासी गलियारे

राजनीति में तस्वीरें कभी सिर्फ तस्वीरें नहीं होतीं, कई बार एक मुस्कान भी सियासत के गलियारों में चर्चाओं का नया दौर शुरू कर देती है। उप जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:26 PM IST
अंदर वोटों का मुकाबला, बाहर जिलाध्यक्षों का याराना, तस्वीर के मायने तलाशने में जुटे सियासी गलियारे

राजसमंद. राजनीति में तस्वीरें कभी सिर्फ तस्वीरें नहीं होतीं, कई बार एक मुस्कान भी सियासत के गलियारों में चर्चाओं का नया दौर शुरू कर देती है। उप जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जिला परिषद के भीतर भाजपा और कांग्रेस के सदस्य अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान कर रहे थे, वहीं बाहर दोनों दलों के जिलाध्यक्षों की एक मुलाकात ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दोनों जिलाध्यक्ष मिले, मुस्कुराए, गले मिले और फिर एक तरफ जाकर ऐसी गुफ्तगू की कि राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। दरअसल, उप जिला प्रमुख के चुनाव में मतदान के लिए सबसे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल अपने प्रत्याशी और जिला परिषद सदस्य के साथ जिला परिषद पहुंचे। कुछ समय बाद कांग्रेस प्रत्याशी और पार्टी के सभी निर्वाचित जिला परिषद सदस्य भी वहां पहुंच गए। दोनों दलों के सदस्य अपने-अपने अंदाज में मतदान के लिए जिला परिषद के भीतर चले गए। इसके बाद परिसर में भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग खेमे नजर आने लगे।

इसी बीच सियासत का एक दिलचस्प दृश्य सामने आया। भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान की नजरें मिलीं तो दोनों एक-दूसरे की ओर बढ़े। चेहरे पर मुस्कान थी, अंदाज में अपनापन और फिर दोनों ने गर्मजोशी से गले मिलकर अभिवादन किया। इसके बाद हंसी-ठिठोली का दौर चला और दोनों कुछ दूरी पर एक तरफ जाकर बातचीत करने लगे।

एक तरफ मतदान की सियासत, दूसरी तरफ मुलाकात

दिलचस्प यह रहा कि जिस चुनाव में दोनों दल आमने-सामने थे, उसी चुनावी माहौल में दोनों जिलाध्यक्षों के बीच यह आत्मीयता देखने को मिली। एक तरफ सदस्य अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट डाल रहे थे, तो दूसरी तरफ दोनों जिलाध्यक्षों के बीच मुस्कुराहट और बातचीत का सिलसिला चल रहा था। इस दौरान सत्ताधारी भाजपा के जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान को जीत की शुभकामनाएं भी दीं। लोकतांत्रिक राजनीति में वैचारिक और चुनावी प्रतिद्वंद्विता के बीच आपसी सौहार्द का यह दृश्य निश्चित रूप से ध्यान खींचने वाला रहा।

मुलाकात सहज थी, लेकिन चर्चाएं कई सवाल छोड़ गईं

हालांकि, दोनों जिलाध्यक्षों के बीच हुई बातचीत का विषय सामने नहीं आया, लेकिन जिस अंदाज में दोनों एक तरफ जाकर गुफ्तगू करते नजर आए, उसने सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया। क्या यह केवल दो राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों के बीच सामान्य शिष्टाचार और सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी या फिर इस तस्वीर के राजनीतिक मायने भी तलाशे जाने चाहिए? फिलहाल, इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक संकेत सामने नहीं आया है। लेकिन उप जिला प्रमुख के चुनाव के दिन सामने आई इस एक तस्वीर ने यह जरूर दिखा दिया कि चुनावी मैदान में मुकाबला अपनी जगह है और राजनीतिक रिश्तों में मुस्कुराहट अपनी जगह। अब इस तस्वीर को लोग लोकतांत्रिक सौहार्द के रूप में देखें या इसके पीछे के सियासी मायने तलाशें, चर्चा तो शुरू हो ही गई है।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:26 PM IST
Published on: