राजसमंद

Rajasthan: बस में पार्सल किए 2 किलो चांदी के आभूषण, चालक ही लेकर फरार, पुलिस ने दबोचा

राजस्थान के राजसमंद जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नाथद्वारा से चंडीगढ़ भेजे गए 2 किलो 137 ग्राम चांदी के आभूषण रास्ते में ही गायब हो गए। मामले में पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से गहने भी बरामद हुए हैं।
2 min read
Sep 08, 2026
Silver Jewellery
Silver Jewellery: फाइल फोटो-पत्रिका

राजसमंद। नाथद्वारा में बस के जरिए चंडीगढ़ भेजे गए चांदी के आभूषणों के पार्सल को चालक द्वारा कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 137 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस के अनुसार नाथद्वारा निवासी रौनक जैन ने 25 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे एसबीआई बैंक के बाहर से चंडीगढ़ जाने वाली राम दलाल बस के जरिए चांदी के आभूषणों के दो पार्सल भेजे गए थे। दोनों पार्सल लालनजी के श्रृंगार के सामान के थे।

गहने लेकर चालक ने बंद किया फोन

रिपोर्ट के मुताबिक, एक पार्सल का वजन 1040 ग्राम, जबकि दूसरे का वजन 1097 ग्राम था। दोनों पार्सलों का कुल वजन 2137 ग्राम था। इन्हें बस चालक के माध्यम से चंडीगढ़ में संबंधित ग्राहक तक पहुंचाया जाना था। हालांकि, दोनों पार्सल ग्राहक को नहीं मिले।

ग्राहक ने अगले दिन सुबह फोन कर रौनक जैन को पार्सल नहीं मिलने की जानकारी दी। इसके बाद जब रौनक ने बस चालक से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इस पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने जांच शुरू कर चालक को पकड़ा

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को बस चालक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसे डिटेन कर पूछताछ की गई।

यह वीडियो भी देखें :

पूछताछ में कबूली बात, बरामद हुए आभूषण

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने चांदी के आभूषण अपने पास होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से दोनों पार्सलों में रखे 2 किलो 137 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Updated on:
08 Sept 2026 08:46 pm
Published on:
08 Sept 2026 08:46 pm