
रिछेड़. रिछेड़ में मेगा हाइवे बायपास को वर्तमान सडक़ पर निकालने के लिए सैकड़ों किसानों के साथ स्थनीय लोगों ने रिछेड़ बस स्टैंड पर धरना दिया। सुबह 8 बजे से ही लोग बस स्टैन्ड पर जमा होने लगे। धीरे-धीरे सैकड़ो लोग एकत्र हो गए।
इस दौरान रिछेड़ बाजार बंद रहा एवं टैक्सी चालक भी धरने के समर्थन में रहे। सुबह से धरने पर बैठे लोगों से समझाइश करने के लिए दोपहर को चारभुजा तहसीलदार भूराराम देवपाल पहुंचे तथा समझाइश की। इस पर लोगों ने तहसीलदार को केन्द्रीय परिवहन मंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा है कि रिछेड़ में मेघा हाइवे बायपास निकालने से पूर्व वर्तमान सडक़ का पुन: सर्वे कराया जाए। इधर धरना प्रदर्शन के चलते चारभुजा थानाधिकारी गिरधारीलाल मेनारिया मय जाप्ता एवं रिछेड़ चौकी प्रभारी खेमराज भी धरना स्थल पर मौजूद रहे।
कस्बे का नहीं होगा विकास
मेगा हाइवे कस्बे से बाहर निकलने से न तो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर से रिछेड़ के लोगों को रोजगार मिलेगा और न ही समग्र तौर से विकास हो सकेगा। इसलिए जब तक मेगा हाइवे का निर्माण मौजूदा सडक़ से नहीं किया जाएगा, तब तक ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहेंगे।
अब देलवाड़ा होकर गुजरेंगी रोडवेज बसें
देलवाड़ा. फोरलेन बनने के बाद से बंद देलवाड़ा में रोडवेज बसों का संचालन शुरू करवाने का ग्रामीणों का आंदोलन रंग लाया है। बुधवार को रोडवेज के अधिकारियों ने इस समस्या का समाधान करते हुए लोगों को सभी बसें देलवाड़ा से होकर निकलने का आश्वासन दिया, गुरुवार को कुछ बसें भी कस्बे से होकर गुजरी, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। कस्बे के थाना परिसर में भीलवाड़ा डीपो मैनेजर सुधीर दीक्षित व राजसमन्द यातायात प्रबन्धक मनीष जोशी, थानाअधिकारी माधू सिंह सोलंकी के नेतृत्व में बैठक की। बैठक में वर्तमान व्यवस्था पर चर्चा की तथा भीलवाड़ा मैनेजर ने और बसें बढ़ाने की बात की। इस दौरान मैनेजर ने सभी बसें देलवाड़ा व कैलाशपुरी होकर जाने की बात कही। साथ ही टिकट खिडक़ी पर ही इन स्थानों की टिकट देने की व्यवस्था सुचारू करवाने का आश्वासन दिया। बैठक में सरपंच दिनेश पालीवाल, उपसरपंच छोटू लाल यादव, पूर्व सरपंच मांगीलाल कटारिया, पूर्व सरपंच रतन सिंह मौजदू थे।