राजसमंद

मौसम खराब होने से नहीं पहुंचा सीएम का हेलीकॉप्टर, इंतजार करते रहे लोग, दो घंटे बाद पहुंचीं दिया ने बांटी सरकारी सौगातें

CM Bhajan Lal Visit Rajsamand चारभुजा मंदिर व हेलीपेड पर व्यवस्थाएं धरी रह गईं, रिछेड़ में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर को उपमुख्यमंत्री ने किया सम्बोधित
2 min read
• •
Updated: 4 Jan 2024, 9:39 PM IST
cm_visit.jpg

CM Bhajan Lal Visit Rajsamand बतौर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गुरुवार को राजसमंद जिले का पहला दौरा तय कार्यक्रम से ऐन वक्त पर निरस्त हो गया। उनकी अगवानी के इंतजार में लोग चारभुजा में हेलीपेड, कस्बे और रिछेड़ में कार्यक्रमस्थल पर डटे रहे। यहां राजसमंंद की पूर्व सांसद व उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी तय कार्यक्रम के मुताबिक पहुंचीं, मगर दो घंटे की देरी हो गई। उन्होंने शाम 4 बजे कार्यक्रमस्थल पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की सौगातें बांटी।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पाली के सोजत से रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे चारभुजा कस्बे के पास बनाए हेलीपेड पर उतरना तय था, लेकिन मौसम की खराबी के चलते जयपुर से ही हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। मुख्यमंत्री शर्मा का चारभुजा दौरा निरस्त होने की दोपहर दो बजे मिलते ही चारभुजा मंदिर तथा हेलीपेड पर लगी सुरक्षा हटा ली गई। फिर आम दर्शनार्थियों को प्रवेश दे दिया गया।

सुबह से ही पहुंचे आला अधिकारी
सीएम के दौरे के चलते सुबह 9 बजे से पहले ही जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी हेलीपेड, मंदिर और रिछेड़ में शिविरस्थल पर पहुंच गए और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करवाया। दोपहर में सम्भागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट व पुलिस महानिरीक्षक अजय लाम्बा भी हेलीपेड पहुंचे।
चारभुजा में दर्शन का समय 1:45 बजे तय था, लेकिन पुलिस ने 9 बजे से ही यातायात पर पाबंदियां लगा दीं। चारभुजा कस्बे से रिछेड़ तक सुरक्षा जवान तैनात थे। 5 घंटे तक आवागमन भी प्रभावित रहा। रोडवेज बसों को चारभुजा कस्बे में प्रवेश नहीं दिया गया। दोपहर में मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा जाब्ता, मेडिकल टीम और तमाम इंतजाम हेलीपेड से हटा लिए गए, जहां दो दिन से तैयारियां चल रही थीं।

दीप्ति ने किया बॉर्डर पर स्वागत, हरि सिंह हेलीपेड से रवाना, दिया कुमारी के साथ विश्वराज कार में पहुंचे रिछेड़
सीएम की अगवानी करने भीम विधायक हरि सिंह चारभुजा स्थित हेलीपेड पर दोपहर एक बजे पहुंचे। इस दौरान कुम्भलगढ़ के स्थानीय विधायक सुरेन्द्र सिंह रिछेड़ में शिविरस्थल पर मौजूद थे। सीएम के नहीं आने की पुष्टि होने पर हरि सिंह रवाना हो गए। इसके बाद उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ नाथद्वारा से कार में बैठकर विधायक विश्वराज सिंह रिछेड़ पहुंचे। इससे पूर्व जयपुर से भीलवाड़ा मार्ग होकर राजसमंद आईं दिया कुमारी का राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कार्यकर्ताओं के साथ जिले की सीमा पर जाकर स्वागत किया। जयपुर की विद्याधरनगर सीट पर विधानसभा चुनाव लडऩे गईं दिया कुमारी डिप्टी सीएम बनकर पहली बार राजसमंद आईं, जिनके स्वागत के लिए कार्यकर्ता आतुर व उत्साहित नजर आए।

Published on: