राजसमंद

भीलवाड़ा नहीं अब राजसमंद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी होंगे दामोदर गुर्जर, जानिए क्यों बदला गया टिकट

Rajasthan Politics: सीपी जोशी को भीलवाड़ा से दोबारा चुनावी मैदान में उतारा, राजसमंद सीट पर भाजपा की महिमा कुमारी के सामने तय हुआ नया प्रत्याशी।

2 min read

rajasthan politics राज्य देवनारायण बोर्ड के पूर्व सदस्य एवं रिटायर्ड आरपीएस अधिकारी डॉ. दामोदर गुर्जर को कांग्रेस ने भीलवाड़ा संसदीय सीट से हटाकर राजसमंद सीट से चुनाव लड़ने के लिए भेजा है। उनकी जगह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी चुनावी मैदान में उतरेंगे। राजसमंद सीट पर अब मुकाबला कांग्रेस के दामोदर गुर्जर और भाजपा की महिमा कुमारी के बीच होगा।

गत 25 मार्च को राजसमंद सीट पर भीम के पूर्व विधायक सुदर्शन सिंह रावत को कांग्रेस ने टिकट दिया था। 27 मार्च को प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा को पत्र लिखते हुए सुदर्शन सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। अब टिकट बदलते हुए डॉ. दामोदर गुर्जर को कांग्रेस ने भीलवाड़ा से हटाकर राजसमंद सीट का प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व में वह टोंक-सवाईमाधोपुर सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे थे, जिन्हें भीलवाड़ा से टिकट देकर कांग्रेस ने चौंका दिया था।

राजसमंद के पूर्व जिला कलक्टर के भाई, खुद रहे चुके हैं थानेदार
दामोदर गुर्जर सवाईमाधोपुर जिले के गावड़ी गांव निवासी है। राजस्थान पुलिस में थानाप्रभारी के रूप में भी गुर्जर सेवा दे चुके है। कांग्रेस प्रत्याशी दामोदर चार भाइयों में तीसरे स्थान पर है। इनके दो भाइयों में से एक भाई श्यामलाल गुर्जर भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह पूर्व में राजसमंद के जिला कलक्टर रहे थे। इनके अनुज रामलाल गुर्जर राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। वर्ष 2006-07 में माण्डल उपखण्ड अधिकारी रहे।

कांग्रेस ने पहली बार बाहरी प्रत्याशी उतारा
राजसमंद सीट से कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में पहली बार संसदीय क्षेत्र से बाहरी प्रत्याशी उतारा है। नई सीट बनने पर वर्ष 2009 के पहले चुनाव में गोपाल सिंह शेखावत चुनाव जीते, जो राजसमंद संसदीय क्षेत्र के ईडवा निवासी हैं। वह 2014 में इसी सीट से दूसरी बार लड़े तो चुनाव हार गए। तीसरा चुनाव वर्ष-2019 में नाथद्वारा निवासी पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर हार गए थे। वर्तमान में राजसमंद सीट की आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए कड़ी चुनौती हो सकती है।

कांग्रेस प्रत्याशी
नाम: डॉ. दामोदर गुर्जर
उम्र: 64 वर्ष
निवासी: सवाईमाधोपुर
शिक्षा: स्नातकोत्तर, पीएचडी, बीएड

दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वर्ष 2013 में दौसा से विधानसभा का चुनाव बसपा के टिकट पर लड़े व हार गए थे। गहलोत सरकार में देवनारायण बोर्ड के सदस्य रहे। गुर्जर रिटायर्ड आरपीएस अधिकारी हैं।

Also Read
View All