राजसमंद

रेलमगरा पुलिस की कार्रवाई: 924 ग्राम अवैध अफीम के साथ युवक गिरफ्तार

थाना पुलिस द्वारा शनिवार देर शाम की गई सघन चैकिंग के दौरान एक युवक से अवैध रूप से ले जाई जा रही 924 ग्राम अफीम बरामद की गई।

less than 1 minute read
Accused Arrested

रेलमगरा. थाना पुलिस द्वारा शनिवार देर शाम की गई सघन चैकिंग के दौरान एक युवक से अवैध रूप से ले जाई जा रही 924 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थाना अधिकारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह, हैड कॉन्स्टेबल नरेन्द्र सिंह, विजय सिंह, खिंवराज, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार और वाहन चालक रणजीत सिंह की टीम विशेष जांच अभियान के तहत वाहनों की चैकिंग कर रही थी। टीम जब पछमता से खड़बामनिया मार्ग पर पहुंची और सोनियाणा चौराहे के पास वाहनों की तलाशी ले रही थी, तभी रात के अंधेरे में एक व्यक्ति पैदल गुजरता दिखाई दिया।

पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ की तो वह घबरा गया। शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास एक प्लास्टिक की थैली में अफीम पाई गई। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने या ले जाने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपासन थाना क्षेत्र के मेवदा निवासी अंकित जाट (19) के रूप में हुई है। बरामद अफीम का वजन कराने पर उसका वनज 924 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। इस मामले की जांच का जिम्मा नाथद्वारा के पुलिस निरीक्षक मोहनसिंह को सौंपा गया है। थाना अधिकारी सोनाली शर्मा ने बताया कि पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। क्षेत्र में इस तरह के मामलों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है ताकि नशे के अवैध प्रसार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।

Published on:
10 Nov 2025 02:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर