इस मानसून की सर्वाधिक बारिश कुंभलगढ़ क्षेत्र में 118 मिमी हुई है, जिससे रामदरबार तालाब में पानी की अच्छी आवक होने के साथ ही राजसमंद झील को भरने वाली गोमती नदी में बुधवार से पानी का बहाव शुरू होने की उम्मीद जगी है।
चारभुजा व आस पास के इलाके में मंगलवार को दो घंटे तक तेज बारिश से रामदरबार तालाब में तीन फीट पानी की आवक हुई। जल स्तर 14 फीट पार होने के साथ ही पानी की आवक बनी रहने से छलकने की उम्मीद बढ़ गई है, जिससे गोमती नदी रफ्तार पकड़ेगी। आमेट, रिछेड़, गोमती क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। राजसमंद में दिनभर उमस के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे बारिश हुई। इस मौसम की बारिश से बाघेरी नाका बांध में 1.10 फीट पानी की आवक होने से जल स्तर 20.70 फीट से बढक़र 21.80 फीट हो गया। इसकी कुल भराव क्षमता 32.8 फीट है।
दो दिन बाद दो घंटे जमकर बरसे मेघ
चारभुजा. क्षेत्र में दो दिनों से तेज उमस व गर्मी से मंगलवार को दोपहर बाद 3 बजे छाए बादलों ने झमाझम बारिश के साथ राहत दी। बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ तीन बजे से शुरू हुआ तेज बारिश का दौर शाम पांच बजे तक चलता रहा। इससे सडक़ों पर काफी तेज बहाव के साथ पानी बहने लगा। वहीं, खेत भी पानी से लबालब हो गए। कस्बे के ढोरडा तालाब में पानी अच्छी आवक होने से वह करीब आधा भर चुका है। वहीं, जवाहर सागर तालाब व रामदरबार गोमती में भी पानी की आवक जारी है। जबकि, गोमती चौराहा से गोमती नदी तेज बहाव के साथ आगे बढ़ रही है।
अब तक की बारिश
उपखंड बारिश
भीम 18
देवगढ़ 107
आमेट 89
नाथद्वारा 38
रेलमगरा 59
राजसमंद 45
कुम्भलगढ़ 118