
राजसमंद। बंगाली ठेकेदार की हत्या के आरोपित शंभूलाल रेगर से राजनगर पुलिस दो दिन और गहन पूछताछ करेगी। उसे बुधवार को भारी पुलिस जाप्ते के बीच न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन और रिमांड पर रखने के आदेश हुए।
पुलिस के अनुसार गत 6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के सैयदपुर (मालदा) हाल धोइंदा (राजसमंद) निवासी अफराजुल उर्फ गुट्टू की हत्या कर दी गई थी। आरोपित शंभूलाल की रिमांड अवधि पूरी होने पर बुधवार शाम उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। राजनगर पुलिस ने दो दिन और रिमांड की मांग की, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
शंभू को पेश करने से पहले अदालत पसिर के सभी द्वारों पर जाप्ता तैनात कर दिया गया। कुछ देर के लिए
आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। पेशी होते ही पुलिस आरोपित को वापस ले गई और अदालत परिसर से जाप्ता भी हटा लिया गया।
बैंक खाता सीज पर आपत्ति
शंभू के वकील ने उसकी पत्नी का बैंक खाता सीज करने पर आपत्ति जताने के साथ शंभू के मनोरोगी होने की जांच के लिए अर्जी दी। इस पर लोक अभियोजक ने बहस भी की। न्यायालय ने निर्णय सुरक्षित रखा है। वकील ने यह भी कहा कि उसे शंभू से नहीं मिलने दिया जा रहा। न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपित से मिलने देने से एडवोकेट ने न्यायालय में दायर अर्जी नोट पे्रस कर ली।
गौरतलब है कि रैगर मोहल्ला निवासी शंभुलाल ने प. बंगाल के सैयदपुर कालीचक मालदा हाल धोइंदा निवासी अफराजुल उर्फ भुट्टू को काम दिलाने के बहाने बुलाकर गैती से मौत के घाट उतार दिया था। हत्या का लाइव विडि़यो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अफराजुल भवन निर्माण की ठेकेदारी करता था। आरोपी निर्माण कराने का बहाना कर ही उसे खेत पर ले गया था। घटना स्थल के पास ही गेंती, पेट्रोल की बोतल, अधजले आधार कार्ड, पहचान पत्र और वाहन मिल गए।