राजसमंद

Rajsamand Murder: ममता बनर्जी ने की निंदा, घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाला भी धरा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजस्थान के राजसमंद में बंगाल के श्रमिक अफराजुल खान की हत्या की तीव्र निन्दा की है।
2 min read
Dec 08, 2017
Rajsamand Murder

राजसमंद/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजस्थान के राजसमंद में बंगाल के श्रमिक अफराजुल खान की हत्या की तीव्र निन्दा की है। सोशल नेटवर्क ट्वीटर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री ने लिखा है कि राजस्थान में बंगाल के श्रमिक की जघन्य तरीके से की गई हत्या की मैं तीव्र निन्दा करती हूं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति किस तरह इतना नृशंस और अमानवीय हो सकता है। तृणमूल प्रमुख ने घटना के आरोपी शम्ंभू लाल को कठोर सजा देने की मांग की है।

वीडियो बनाने वाले को भी पकड़ा
राजसमंद जिले में सौ फुट रोड किनारे एक होटल के पास बंगाली श्रमिक की नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को केलवा में उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाले उसके नाबालिग भानजे को भी पकड़ा गया। पुलिस ने लव जिहाद से स्पष्ट इनकार किया है। फिलहाल राजसमंद में हालात काबू में हैं।

हत्या के कारणों पर गोल-मोल जवाब
पुलिस महानिरीक्षक आनंद श्रीवास्तव से लेकर अन्य अधिकारियों तक सभी ने हत्या के कारणों को लेकर गोल-मोल जवाब दिए। आईजी ने लव जिहाद से साफ इनकार किया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा रात को ही उसका शव परिजनों के साथ पश्चिमी बंगाल के मालदा रवाना करवा दिया।

आरोपी का खुलासा
आरोपी ने मीडिया से बातचीत में मृतक पक्ष के लोगों की ओर से उसकी एक परिचित लड़की को भगा ले जाने व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने पर हत्या करना स्वीकार किया है।

कुल 12 लोग लिए हिरासत में
राजसमंद जिले के देलवाड़ा थाने में आईजी आनंद श्रीवास्तव ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बंगाल के सैयदपुर (मालदा) हाल धोइंदा (राजसमंद) निवासी इफराजुल उर्फ भुट्टो शेख (45) पुत्र हाफिजुद्दीन खान की हत्या के आरोपी राजनगर के रेगर मोहल्ला निवासी शंभूलाल रेगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से संबंध रखने वाले १२ लोगों को अब तक हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है।

हत्या के पीछे सोची-समझी साजिश थी
अभी पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। हत्या के पीछे सोची-समझी साजिश थी। वारदात में और कौन शामिल थे और हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर बयानों की तस्दीक की जा रही है, क्योंकि आरोपियों ने पुलिस व वीडियो में अलग-अलग बयान दिए हैं।

पुलिस बोली, आरोपी वीडियो में बता चुका सभी कारण
आईजी का कहना था कि आरोपी कह रहा है हत्या के समस्त कारणों को उसने वीडियो में वायरल किया है। वीडियो में आरोपित ने कहा कि भारत से जिहाद खत्म करो, वरना सबकी यही हालत होगी। आदि अनर्गल बातों के साथ ही भड़काऊ भाषण दिया था। पुलिस अभी इनका खुलासा करने में लगी है।

Updated on:
08 Dec 2017 10:10 am
Published on:
08 Dec 2017 10:08 am