राजसमंद

राजसमंद पंचायत चुनाव परिणाम: लाखों फॉलोअर्स वाली कांग्रेस की निहारिका राव ने नंगे पैर गांव-ढाणी में मांगे थे वोट, दर्ज की शानदार जीत

राजसमंद पंचायत चुनाव में कांग्रेस की निहारिका राव ने 1901 वोटों से जीत दर्ज की। लाखों सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बावजूद नंगे पैर गांव-ढाणी पहुंचकर प्रचार किया।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 3:59 PM IST
niharika rao
कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका राव (Photo-Patrika)

Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान के राजसमंद जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजों के बीच कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका राव की जीत चर्चा का विषय बन गई है। नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद के वार्ड नंबर 10 से निहारिका राव ने 1,901 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत हासिल की है। सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स होने के बावजूद उन्होंने चुनाव प्रचार को केवल डिजिटल प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रखा। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उनकी इस जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

इंस्टाग्राम पर 7.40 लाख और फेसबुक पर 3.77 लाख फॉलोअर्स

निहारिका राव की जीत इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 7 लाख 40 हजार और फेसबुक पर लगभग 3 लाख 77 हजार फॉलोअर्स हैं। इसके बावजूद उन्होंने चुनाव जीतने के लिए केवल सोशल मीडिया के प्रचार पर भरोसा नहीं किया। निहारिका राव ने मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क को प्राथमिकता दी। चुनाव प्रचार के दौरान वे गांवों और ढाणियों में पहुंचीं और लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने मतदाताओं की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी बात रखी।

टिकट मिलते ही छोड़ दी चप्पल, नंगे पैर किया प्रचार

निहारिका राव के चुनाव प्रचार का सबसे चर्चित पहलू उनका नंगे पैर गांव-गांव घूमना रहा। बताया जा रहा है कि जिस दिन उन्हें कांग्रेस से टिकट मिला, उसी दिन उन्होंने चप्पल पहनना छोड़ दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लगातार जनसंपर्क किया और लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

निहारिका राव ने नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक अखंड उपवास रखते हुए भी अपना जनसंपर्क अभियान जारी रखा। इस दौरान वे अलग-अलग गांवों और ढाणियों में पहुंचकर हर वर्ग के मतदाताओं से मिलीं। साथ ही उन्होंने अन्य वार्डों में खड़े कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में भी जनता से अपील की।

जीतने के बाद लोगों को आभार किया व्यक्त

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निहारिका राव ने इंस्टाग्राम के माध्यम से मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय जनता के विश्वास और समर्थकों की मेहनत को दिया। निहारिका राव ने चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र के मतदाताओं से एक और वादा किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह वे चुनाव प्रचार के दौरान गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंची थीं, उसी तरह अब जनता की समस्याएं सुनने के लिए भी लगातार क्षेत्र में जाएंगी।