
खमनोर. सेमा उप सरपंच की संदिग्ध मौत के चौथे दिन बुधवार को आईजी उदयपुर रेंज आनंद श्रीवास्तव के आदेश पर हत्या कर अज्ञात लोगों द्वारा फंदे पर लटकाने का प्रकरण दर्ज हुआ। फांसी लगाने का प्रकरण दर्ज करने के विरोध में श्रीमाली समाज ने थाना प्रभारी के बाद आईजी उदयपुर को ज्ञापन देकर रोष जताया था। पुलिस के अनुसार सेमा निवासी उप सरपंच राकेश श्रीमाली का शव 1 जुलाई को खेत पर बबूल के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने डॉग स्क्वायड व एफएसएल से जांच के बाद फांसी लगाने से मौत का सामान्य प्रकरण दर्ज कर लिया। इसको लेकर श्रीमाली समाज द्वारा रोष जताते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों का शिकायत की। इधर, श्रीमाली समाज के मोहनलाल श्रीमाली की रिपोर्ट पर खमनोर पुलिस ने सेमा उप सरपंच राकेश श्रीमाली का शव अज्ञात लोगो द्वारा लटकाने का आरोप लगाया। अब पुलिस द्वारा समग्र पहलुओं से जांच शुरू कर दी। जालौर में राजस्थान ब्राह्मण महासभा व विप्र फाउंडेशन एवं समस्त ब्राह्मण समाज द्वारा सेमा उप सरपंच की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
मुकदमा वापस लेने के लिए मांगे रुपए
नाथद्वारा. शहर के व्रजपुरा में विचाराधीन प्रकरण को वापस लेने के लिए रुपए मांगने व समझौते का दबाव बनाने का प्रकरण थाने में दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार व्रजपुरा निवासी प्रमोद कुमार ने इस्तगासे के जरिये प्रकरण दर्ज कराया कि नई हवेली निवासी भुवनेश पुत्र करणसिंह कोठारी, करणसिंह पुत्र सोहनलाल कोठारी, भीलवाड़ा निवासी जतनबाई पुत्री सोहनलाल कोठारी, गंगापुर निवासी सूरजदेवी पुत्री सोहन लाल कोठारी द्वारा उसके व्रजपुरा में स्थित संयुक्त परिवार का पैतृक मकान है व पास में कृषि भूमि है। इस मामले में उसके भाई स्व. जयगोपालाचार्य व करणसिंह के परिवार में विवाद चल रहा है। ऐसे में प्रार्थी को वाद विड्रो करने का दबाव बनाया जा रहा है व झूठे प्रकरण कराने की धमकी के साथ २५ लाख रुपए मांगे जा रहे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।