
भीम. राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर सोमवार को जस्साखेड़ा व मल्याथड़ी के पास दो सडक़ हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक बेकाबू ट्रोले ने राहगीर को कुचल दिया, जबकि दूसरे ट्रोले ने टेम्पो सवार महिला की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार लसानी निवासी हजारीसिंह (50) पुत्र पन्नासिंह रावत पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार में आए ट्रोले ने टायर तले रौंद दिया। विभत्स हादसे में शव के लोथड़े सडक़ पर इधर उधर बिखर गए और सडक़ भी खून से सन गई। सूचना पर भीम थाना प्रभारी लाभूराम विश्नोई मय जाब्ते के घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीम के मुर्दाघर में रखवा दिया। साथ ही पुलिस ने ट्रोले को जब्त करर लिया। प्रत्यक्षदर्शी तिलक सिंह ने बताया कि बेकाबू ट्रोले ने राहगीर को तिनके ही तरह चपेट में लेकर टायर तले कुचल दिया। विभत्स हादसे को देख लोगों की रूह कांप उठी। शव पूरी तरह अंगभंग हो गया, जिसे गठड़ी बांधकर अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाना पड़ा।
इसी तरह चाक हीरात, कुशलपुरा निवासी टीपूदेवी (50) पत्नी रामसिंह रावत उसकी बेटी के साथ टेम्पो में भीम से कुशलपुरा के लिए रवाना हुए। वे टेम्पो के पीछे की सीट पर बैठी थी। मल्याथड़ी के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल टीपूदेवी के साथ अन्य घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने टीपूदेवी को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान सरपंच सुमित्रादेवी, गोविन्दसिंह सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण पहुंच गए।
मार्बल गोदाम से पत्थर चोरी
भीम. बरतु में मार्बल गोदाम से मार्बल पत्थर चुराने का मामला सामने आया है। दिनेश कुमा ने बताया कि कृष्णा मार्बल शॉप से बीती रात अज्ञात लोग विभिन्न देवी देवताओं की मार्बल आर्टिकल की मूर्तियों सहित मार्बल ब्लॉक चुरा लिया।