
राजसमंद. भाजपा ने सत्ता तक पहुंचने के लिए तमाम सियासी कोशिशें कीं, लेकिन कांग्रेस की मजबूत किलेबंदी में सेंध लगाने में नाकाम रही। नतीजा यह रहा कि जिला परिषद के दोनों प्रमुख पद कांग्रेस की झोली में चले गए। इस जीत के साथ ही कांग्रेस ने राजसमंद जिला परिषद में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर दी है। खास बात यह रही कि कांग्रेस ने जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख पद भी अपने पास रखते हुए भीम-देवगढ़ क्षेत्र को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का दांव खेला। इसे आगामी चुनावों के मद्देनजर क्षेत्रीय समीकरण साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
जिला परिषद में कुल 29 वार्ड हैं। इनमें कांग्रेस के 17 और भाजपा के 12 सदस्य निर्वाचित हुए थे। यानी कांग्रेस शुरुआत से ही तीन-चौथाई बहुमत के आंकड़े से आगे मजबूत स्थिति में थी। इसी संख्याबल के दम पर कांग्रेस ने जिला प्रमुख के साथ उप जिला प्रमुख पद पर भी अपना कब्जा बरकरार रखा। भाजपा के पास सदस्यों की संख्या कम होने के चलते कांग्रेस की रणनीति के सामने चुनौती खड़ी करना आसान नहीं रहा। कांग्रेस प्रत्याशी उदयसिंह चौहान को 17 और भाजपा प्रत्याशी निर्मला कंवर को 12 ही मत मिले।
चुनाव के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां भी देखने को मिलीं। अपराह्न तीन बजे बाद भाजपा के निर्वाचित सदस्य वाहनों में सवार होकर एक साथ जिला परिषद पहुंचे और मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य दो वैन में सवार होकर पहुंचे। सभी सदस्यों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान किया। मतगणना के बाद कांग्रेस के उदयसिंह चौहान को पांच मतों से विजयी घोषित किया गया। जीत के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जिला परिषद में कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हो गई।
इस चुनाव में कांग्रेस की रणनीति का सबसे अहम पहलू ओबीसी कार्ड रहा। जिला प्रमुख का पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने के बावजूद कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग की सुंदर देवी को प्रत्याशी बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी ओबीसी वर्ग के उदयसिंह चौहान को मैदान में उतारा।
कांग्रेस ने दोनों प्रमुख पदों पर ओबीसी चेहरों को मौका देकर सामाजिक समीकरण साधने के साथ आगामी विधानसभा और अन्य चुनावों के लिए भी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश की है। पार्टी की रणनीति साफ नजर आई कि बहुमत को केवल सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उसके जरिए सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संदेश भी देना है।
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख, दोनों पद गंवाने के बाद भाजपा के सामने अब संगठनात्मक एकजुटता और जिला स्तर पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस के लिए यह जीत केवल दो पदों पर कब्जे तक सीमित नहीं है, बल्कि राजसमंद की जिला परिषद में अपने राजनीतिक वर्चस्व को स्थापित करने का अवसर भी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस चुनावी सफलता को आने वाले दिनों में जमीनी राजनीतिक मजबूती में कितना बदल पाती है।