भीम. उपखंड क्षेत्र की अजीतगढ़ ग्राम पंचायत के बिगड़ावतों का बाडिया–लालपुरा में जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल व्यवस्था होने के बावजूद ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। क्षेत्र में कुआं, टंकी और पाइपलाइन की सुविधा होने के बाद भी लंबे समय से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों […]
भीम. उपखंड क्षेत्र की अजीतगढ़ ग्राम पंचायत के बिगड़ावतों का बाडिया–लालपुरा में जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल व्यवस्था होने के बावजूद ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। क्षेत्र में कुआं, टंकी और पाइपलाइन की सुविधा होने के बाद भी लंबे समय से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार जल जीवन मिशन योजना के तहत यहां पेयजल के लिए कुआं और टंकी का निर्माण किया गया तथा पाइपलाइन भी बिछाई गई, लेकिन कुएं में लगी विद्युत मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई ठप हो गई है। इसके चलते करीब 100 से 150 नल कनेक्शनधारक परिवारों सहित अन्य ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि 16 दिसंबर 2024 को विधायक, 24 अप्रैल 2025 को जनसुनवाई, 19 मई 2025 को ग्राम पंचायत प्रशासक और 6 मार्च 2026 को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई, फिर भी जलदाय विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उप सरपंच नारायण सिंह, गोपाल सिंह, मोहन सिंह, भगवती लाल, महेंद्र कुमार और धर्मेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग की उदासीनता के कारण गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान कर नियमित पेयजल सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।
इधर, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार नायर ने बताया कि डीएमएफटी मद से वर्ष 2020-21 में निर्मित पेयजल कुआं और टंकी में लगी विद्युत मोटर खराब होने के कारण सप्लाई बाधित हो रही है। मोटर की मरम्मत कराकर या नई मोटर लगाकर जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके।