राजसमंद

Rajasthan Murder: राजस्थान में दिनदहाड़े युवक की बेरहमी से हत्या, प्रत्यक्षदर्शी नजदीक जाने की नहीं जुटा पाए हिम्मत

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रतापपुरा ब्रिज के ऊपर युवक की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।
2 min read
• •
Updated: 24 Jun 2025, 10:02 PM IST
Rajsamand Murder
हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंचा पुलिस बल। फोटो- पत्रिका

राजस्थान के राजसमंद के प्रतापपुरा ब्रिज (नेशनल हाईवे 758) के पास मंगलवार दोपहर एक युवक की बीच सड़क पर बेरहमी से हत्या करने के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में है। इस घटना को प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा भी, लेकिन हमलावरों के हाथों में हथियार होने के कारण लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। मृतक खाखरमाला (आमेट) निवासी शेरसिंह पुत्र जोधसिंह है।

चश्मदीदों के अनुसार हमलावरों ने शेरसिंह की गर्दन, हाथ और पैरों पर कई वार किए। गर्दन पर सबसे गंभीर और गहरा घाव पाया गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उसी कार में सवार होकर फरार हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक ने बताया कि इस संबंध में मृतक के चाचा हेमसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस महकमा हरकत में, पांच टीमें गठित

घटना की जानकारी मिलते ही राजसमंद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष त्रिपाठी खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक, पुलिस उपाधीक्षक विवेकसिंह और कांकरोली थाना स्टाफ भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। एसपी त्रिपाठी ने मौके का मुआयना कर तुरंत पांच विशेष पुलिस टीमें गठित की हैं, जो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग दिशा में काम कर रही हैं।

हर एंगल से जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

पुलिस इस हत्या की हर एंगल से जांच करने में जुटी है। हत्या किन कारणों को लेकर की गई है। इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। ये आपसी रंजिश थी या पूर्व नियोजित साजिश इन सब बातों को ध्यान में रखकर पुलिस जांच करने में जुटी है। हत्या की असली वजह क्या है इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि संदिग्ध काले रंग की कार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही टोल नाकों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिससे कार की मूवमेंट और दिशा का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर घटना से संबंधित सुराग जुटाए जा रहे हैं।

इलाके में दहशत, हत्या के कारणों पर सस्पेंस

घटना के बाद प्रतापपुरा और आस-पास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों में डर है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें अब हाईवे जैसे खुले इलाके में भी होने लगी हैं। फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन इस मामले की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।

मृतक के दो बेटे, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

भावा ग़ांव के पास प्रतापपुरा ब्रिज पर मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति की जघन्य हत्या कर दी गई। मृतक शेरसिंह सामान्य परिवार से बताया जा रहा है। इसके दो बच्चे भी हैं। जिनमें एक जयवीर आठ वर्ष और रूद्रप्रताप सिंह छह वर्ष का है।

Updated on:
24 Jun 2025, 10:02 PM IST
Published on: