
Anupriya Patel Statement: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री और अपना दल (S) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आज अपना दल उत्तर प्रदेश के हर कोने में पूर्वी से लेकर पश्चिमी इलाकों तक तेजी से फैल चुका है। यही वजह है कि हमने पार्टी का 31वां स्थापना दिवस रामपुर के स्वार की धरती पर मनाने का बड़ा फैसला किया। अनुप्रिया पटेल बुधवार को स्वार स्थित डाक बंगले में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा गरीब और कमजोर वर्गों की मजबूत आवाज बनी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और इसी का नतीजा है कि आज प्रदेश में पार्टी के पास 13 विधायक हैं। अनुप्रिया ने कहा कि अपना दल (S) एक ऐसा अनूठा संगठन है जिसमें सभी वर्ग के लोगों को पूरा सम्मान और उचित भागीदारी देने का प्रयास किया जाता है।
पार्टी के इतिहास पर बात करते हुए डालते हुए अनुप्रिया पटेल ने बताया कि 4 नवंबर, 1995 को अपना दल की विधिवत स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल ने इस संगठन को खड़ा करने के लिए बहुत लंबा और कड़ा संघर्ष किया था। आज अपना दल (S) उनके ही उस संघर्ष और महान विचारों को आगे बढ़ाने का काम पूरी निष्ठा से कर रहा है। पार्टी ने हमेशा गरीब, कमजोर, पिछड़े और वंचित समाज के लोगों की आवाज उठाने का काम किया है। इस समारोह में प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल भी शामिल हुए।
बता दें कि कल लखनऊ में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में अनुप्रिया पटेल को लगातार तीसरी बार निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने कहा था कि पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। अब इस बढ़ती राजनीतिक ताकत को चुनावी जीत में बदलने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर सक्रियता बढ़ाने और हर बूथ पर पार्टी का झंडा व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने की अपील की। NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सहयोगी दलों के साथ बातचीत और उनकी सहमति के बाद ही सीटों का बंटवारा तय होगा।