
Azam Khan Jail Story: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने बताया कि जेल में खुद रहने से ज्यादा तकलीफ उन्हें अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को साथ देखकर होती थी। रामपुर जेल की पुरानी बैरक में बिच्छू घूमते थे और वह रातभर टॉर्च लेकर बेटे को देखते रहते थे। आजम ने यह भी बताया कि एक बार पुलिस उन्हें और बेटे को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाने लगी तो उन्हें लगा कि शायद यह दोनों की आखिरी मुलाकात है।
इंटरव्यू में आजम खान ने बताया कि एक बार पुलिस उन्हें और अब्दुल्ला को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाने लगी। उस समय प्रदेश में एनकाउंटर का दौर चल रहा था। उन्होंने पुलिस से दोनों को एक ही गाड़ी में बैठाने के लिए कहा। इस घटना को याद करते हुए आजम ने कहा कि एक बड़ी सी गाड़ी में मेरे बच्चे को ले जाने लगे और दूसरे में मुझे। मैंने पूछा कि अलग अलग क्यों बिठा रहे, एक साथ बैठा दीजिए। उन दिनों एनकाउंटर का बहुत जोर था और आज भी है। उस समय दिल में लगा कि आज ये हमारी आखिरी मुलाकात होगी, आज हम दोनों मार दिए जाएंगे।
जेल में खाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने कहा कि हम लोग तो पिल्ले हैं। मेरे साथ एक पिल्ला भी था, मेरा बेटा।
आजम खान ने बताया कि रामपुर जेल की बड़ी और पुरानी बैरक में वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ रहते थे। वहां कई बार उनके सिर के नीचे से बिच्छू गुजर जाते थे। आजम ने कहा कि अक्सर ऐसा हुआ कि सिर के नीचे से बिच्छू गुजरा। अगरवो बिच्छू काट लेता तो बचने की कोई उम्मीद नहीं थी। टॉर्च लेकर रखने लगा था। रातभर यही तलाशता था कि कहीं बच्चे के ऊपर बिच्छू चढ़ तो नहीं गया।
उन्होंने कहा कि खुद जेल में रहने की चिंता नहीं थी, लेकिन एमटेक किए हुए बेटे को साथ सुलाना और उससे यह सुनना कि क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे, बहुत तकलीफ देता था। आजम के मुताबिक, ऐसा लगता था जैसे किसी ने जिगर में खंजर डालकर चीर दिया हो।
असदुद्दीन ओवैसी के अब्दुल के दरी उठाने वाले बयान पर आजम खान ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लानत हो हर उस इंसान पर, जो अब्दुल से दरी उठवाने की बात कर रहा हो, क्योंकि अब्दुल अल्लाह का नाम है। ओवैसी की दुआ और उनके कानूनी सहयोग को लेकर आजम ने कहा कि मेरे इतने मुकदमों में बैरिस्टर साहब ने एक भी वकालतनामा नहीं लगाया। अगर लगाते तो कितना सुकून होता मुझे।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों की ओर से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। आजम ने कहा कि मैं तो उनके हौसले की दाद देता हूं और कदर करता हूं कि जिसके खुद चार एमएलए हों वो 400 पर चुनाव लड़ने आ रहे हैं, मैं तो समझता हूं कि वो फौलाद से बने हुए हैं, शेर हैं। जिसके चार एमएलए हो वो 400 का दावेदार हो, ये कोई मामूली बात नहीं है।
खबर अपडेट हो रही है....