
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने अब नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। हैदराबादी बिरयानी वाले बयान से असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसने के बाद आजम खान ने चंद्रशेखर की जीत में मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर नगीना के मुसलमानों के वोट से सांसद बने हैं। वह जल्द ही नगीना जाकर मुस्लिम मतदाताओं का शुक्रिया अदा करेंगे।
मीडिया चैनलों से बातचीत में आजम खान ने चंद्रशेखर को लेकर तंज कसते हुए कहा, "मैं नगीना जाऊंगा और मुसलमानों का शुक्रिया अदा करूंगा कि भाई, तुमने खंजर दे दिया मेरे दिल में उतारने के लिए।"
जेल से बाहर आने के बाद आजम खान लगातार मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं। इससे पहले उन्होंने हैदराबादी बिरयानी का जिक्र कर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि इस खित्ते के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं है, वे मटन और पुलाव पसंद करते हैं। अब चंद्रशेखर को लेकर दिए गए बयान ने पश्चिमी यूपी की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान की सक्रियता को समाजवादी पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। रामपुर, मुरादाबाद, संभल, मेरठ, कैराना और नगीना समेत पश्चिमी यूपी की कई सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेताओं की राजनीतिक सक्रियता के बीच आजम खान के बयान को मुस्लिम मतदाताओं के बीच सियासी प्रभाव बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।