Hindi News / Uttar Pradesh / Rampur / ‘क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे?’, आजम ने बताया जेल में बेटे का सवाल, कहा- खंजर से चीरने जैसा लगता था
‘क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे?’, आजम ने बताया जेल में बेटे का सवाल, कहा- खंजर से चीरने जैसा लगता था
Azam Khan Release: आजम खान ने जेल में बेटे अब्दुल्ला के साथ बिताए दिनों को याद करते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि बिच्छुओं के डर से वह रातभर टॉर्च लेकर बेटे पर नजर रखते थे। एक बार पुलिस ने दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया तो उन्हें लगा कि शायद यह उनकी आखिरी मुलाकात है।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर आजम खान का पलटवार, (फोटो IANS)
Azam Khan Jail Story: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने बताया कि जेल में खुद रहने से ज्यादा तकलीफ उन्हें अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को साथ देखकर होती थी। रामपुर जेल की पुरानी बैरक में बिच्छू घूमते थे और वह रातभर टॉर्च लेकर बेटे को देखते रहते थे। आजम ने यह भी बताया कि एक बार पुलिस उन्हें और बेटे को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाने लगी तो उन्हें लगा कि शायद यह दोनों की आखिरी मुलाकात है।
'आज हम दोनों मार दिए जाएंगे, ये हमारी आखिरी मुलाकात होगी'
इंटरव्यू में आजम खान ने बताया कि एक बार पुलिस उन्हें और अब्दुल्ला को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाने लगी। उस समय प्रदेश में एनकाउंटर का दौर चल रहा था। उन्होंने पुलिस से दोनों को एक ही गाड़ी में बैठाने के लिए कहा। इस घटना को याद करते हुए आजम ने कहा कि एक बड़ी सी गाड़ी में मेरे बच्चे को ले जाने लगे और दूसरे में मुझे। मैंने पूछा कि अलग अलग क्यों बिठा रहे, एक साथ बैठा दीजिए। उन दिनों एनकाउंटर का बहुत जोर था और आज भी है। उस समय दिल में लगा कि आज ये हमारी आखिरी मुलाकात होगी, आज हम दोनों मार दिए जाएंगे।
जेल में खाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने कहा कि हम लोग तो पिल्ले हैं। मेरे साथ एक पिल्ला भी था, मेरा बेटा।
सिर के नीचे से बिच्छू गुजरा, काट लेता तो बचने की कोई उम्मीद नहीं थी- आजम खान
आजम खान ने बताया कि रामपुर जेल की बड़ी और पुरानी बैरक में वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ रहते थे। वहां कई बार उनके सिर के नीचे से बिच्छू गुजर जाते थे। आजम ने कहा कि अक्सर ऐसा हुआ कि सिर के नीचे से बिच्छू गुजरा। अगरवो बिच्छू काट लेता तो बचने की कोई उम्मीद नहीं थी। टॉर्च लेकर रखने लगा था। रातभर यही तलाशता था कि कहीं बच्चे के ऊपर बिच्छू चढ़ तो नहीं गया।
उन्होंने कहा कि खुद जेल में रहने की चिंता नहीं थी, लेकिन एमटेक किए हुए बेटे को साथ सुलाना और उससे यह सुनना कि क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे, बहुत तकलीफ देता था। आजम के मुताबिक, ऐसा लगता था जैसे किसी ने जिगर में खंजर डालकर चीर दिया हो।