रामपुर

एनकाउंटर मैन बोले- आजम खान के खिलाफ लगी धाराएं पर्याप्त, अब कभी भी हो सकते हैं गिरफ्तार

खास बातें- एसपी डाॅ. अजयपाल शर्मा ने कहा, आजम के खिलाफ दर्ज केसों में लगी धाराएं गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त MP Azam Khan पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार ED भी पूछताछ के लिए जल्द ही आजम खान को जारी कर सकता है नोटिस
2 min read
• •
Updated: 10 Aug 2019, 5:28 PM IST
Feature image

रामपुर. समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। एक के बाद एक जमीन कब्जाने के दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा भी उनके खिलाफ कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं। यही वजह है कि अब आजम खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। आजम खान की गिरफ्तारी के सवाल पर रामपुर के पुलिस अधिक्षक डाॅ. अजयपाल शर्मा ने कहा है कि सपा सांसद आजम खान के विरुद्ध दर्ज हुए केसों के आधार पर अब कभी भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।

डाॅ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि मोहम्मद जौहर अली विश्वविद्यालय के नाम पर किसानों की जमीन हड़पने को लेकर सपा सांसद आजम खान के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं। आजम खान पर जबरन जमीन कब्जाने का मुकदमा दर्ज करने वाले पीड़ित किसान इलाहाबाद हाईकोर्ट भी पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की ओर से लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों के बाद अब रामपुर शहर कोतवाली में सपा सांसद आजम खान समेत चार लोगों के खिलाफ शत्रु संपत्ति का मुकदमा दर्ज हुआ है।

उन्होंने बताया कि यह मुकदमा नायब तहसीलदार की तहरीर पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट और आजम खान को फायदा पहुंचाने के लिए ईओ ने दस्तावेजों से छेड़छाड़ की है और गलत नोटिस जारी किया था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर भी आजम खान पर दो केस दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन मुकदमों में आजम खान के खिलाफ जो धाराएं लगी हैं, वह उनकी गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त हैं।

अब ईडी के रडार पर भी आजम खान

सपा सांसद आजम खान रामपुर जिले की शत्रु सम्पत्तियों पर कब्जे को लेकर फंस गए हैं। ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की जांच फिलहाल शत्रु संपत्ति पर जाकर केंद्रित हो गई है। बताया जा रहा है कि ईडी जल्द ही पूछताछ के लिए आजम खान को नोटिस भी जारी कर सकता है। दरअसल, जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए शत्रु संपत्तियों पर कब्जा किए जाने की शिकायतों को लेकर ईडी को जिला प्रशासन से कई दस्तावेज भी मिले हैं। जिला प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि जौहर यूनिवर्सिटी को शत्रु संपत्तियों पर कब्जा करके बनाया है।

Published on: