रामपुर

श्रावस्ती में तैनात सिपाही और उसके बेटे की दुर्घटना में नहीं हुई मौत.. पति ने क्लेम की लालच में पत्नी और बेटे को जिंदा जलाया

रामपुर सड़क हादसे का एक खौफनाक सच सामने आया है। जिसे हर किसी को झकझोर दिया। श्रावस्ती में तैनात महिला सिपाही लता सिंह और उसके बेटे की सड़क दुर्घटना में नहीं बल्कि उसके पति ने कार का जानबूझकर एक्सीडेंट किया। फिर पेट्रोल डालकर बेटे और पत्नी को जिंदा जला दिया। पूरी कहानी जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे।

2 min read
Apr 06, 2026
पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी फोटो सोर्स विभाग

रामपुर में सड़क हादसे की आड़ में छिपा एक खौफनाक सच सामने आया है। श्रावस्ती जिले में तैनात महिला सिपाही लता सिंह और उसके मासूम बेटे की मौत कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि पति द्वारा रची गई सुनियोजित हत्या थी। लालच और विश्वासघात की इस कहानी ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। जहां एक पति ने मुआवजे की रकम पाने के लिए अपने ही परिवार को मौत के घाट उतार दिया।

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में सामने आई इस दिल दहला देने वाली वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस घटना को पहले सड़क हादसा समझा जा रहा था। अब वह एक सुनियोजित डबल मर्डर निकली। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला सिपाही का अपना पति दान सिंह ही निकला। जिसने पैसों के लालच में यह खौफनाक साजिश रची। घटना 25 फरवरी की रात की है। जब दान सिंह अपनी पत्नी लता सिंह, दो साल के बेटे और एक रिश्तेदार के साथ नैनीताल घूमकर लौट रहा था। नई कार की खुशी में निकली यह यात्रा मौत की कहानी बन गई। रास्ते में अचानक कार में आग लगने और डंपर से टक्कर की बात सामने आई थी। हादसे में मासूम बच्चे की मौके पर मौत हो गई। जबकि लता गंभीर रूप से झुलस गई थी। बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।

पत्नी और बेटे को नींद की गोलियां खिलाकर किया बेहोश फिर लगाई कार में आग

लेकिन पुलिस जांच ने इस कहानी की परतें खोल दीं। जांच में पता चला कि यह कोई हादसा नहीं था। दान सिंह ने पहले ही अपनी पत्नी और बेटे को नींद की गोलियां देकर बेहोश कर दिया था। फिर कार को डंपर से टकराकर दुर्घटना का रूप दिया गया। इसके बाद सुनसान जगह पर अपने साथियों के साथ मिलकर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

आग से बची तो सिर पर हथौड़े से वार कर मौत की नींद सुला दिया

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला सिपाही आग से झुलस कर बच गई थी। लेकिन आरोपी पति ने उसे अस्पताल ले जाने के बहाने दूसरी गाड़ी में डालकर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस पूरी वारदात में लालच और बेरहमी की हदें पार कर दी गईं।

पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब लालच इंसान पर हावी होता है। तो वह रिश्तों की सारी मर्यादाएं भूल जाता है।

Published on:
06 Apr 2026 09:16 pm
Also Read
View All