
रामपुर में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन..
Lekhpal Bribery Arrest Rampur: रामपुर जिले में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है, जहां विरासत दर्ज कराने के नाम पर रिश्वत मांगना एक लेखपाल को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी लेखपाल शम्भू कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्वार क्षेत्र के वार्ड नंबर एक निवासी अब्दुल जाहिद ने एंटी करप्शन टीम को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पिता के निधन के बाद छह एकड़ कृषि भूमि चार भाइयों के नाम विरासत में दर्ज होनी थी। इस प्रक्रिया के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन हल्का लेखपाल शम्भू कुमार ने बिना ठोस कारण के आवेदन को खारिज कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने आवेदन खारिज होने का कारण पूछा तो लेखपाल ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान लेखपाल ने प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये की मांग की। बाद में बातचीत के बाद पांच हजार रुपये में काम करने की सहमति बनी। इस अवैध मांग से परेशान होकर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई के निरीक्षक कृष्ण अवतार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर ट्रैप की योजना तैयार की, ताकि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा जा सके।
सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे लेखपाल ने शिकायतकर्ता अब्दुल जाहिद को दढ़ियाल तिराहे पर टांडा बाजपुर अड्डे के पास बुलाया। आरोपी अपनी कार में बैठकर रिश्वत की रकम लेने पहुंचा। जैसे ही उसने पांच हजार रुपये लिए, पहले से मौके पर तैनात एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल को कोतवाली टांडा लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद एंटी करप्शन टीम उसे अपने साथ ले गई। मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के अन्य लेखपालों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए।
निरीक्षक कृष्ण अवतार ने बताया कि यह कार्रवाई शिकायत के आधार पर की गई थी। आरोपी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Updated on:
06 Apr 2026 08:49 pm
Published on:
06 Apr 2026 08:49 pm
