रामपुर

डिंपल यादव यहां से लड़ सकती हैं उपचुनाव

उत्‍तर प्रदेश में 11 विधायकों के सांसद बनने के बाद खाली हुईं विधानसभा सीटें आजम खान जया प्रदा को एक लाख से भी ज्‍यादा वोटों से हराकर बने हैं सांसद गंगोह के विधायक प्रदीप कुमार भी पहुंच चुके हैं संसद

2 min read
Jun 20, 2019
dimple yadav
डिंपल यादव यहां से लड़ सकती हैं उपचुनाव

रामपुर। उत्‍तर प्रदेश में 11 विधायकों के सांसद बनने के बाद उनकी विधानसभा सीटें खाली हो गई हैं। माना जा रहा है कि इसी साल इन पर उपचुनाव हो सकते हैं। इसके लिए प्रमुख राजनीतिक दलों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। वहीं, सीटों पर नेता अपनी दावेदारी भी जता रहे हैं।

प्रदीप कुमार भी बने सांसद

उत्‍तर प्रदेश की 12 सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें से 11 सीटें विधायकों के सांसद बनने के बाद खाली हुई हैं। इन 11 विधानसभा सीटों में से दो सीटें रामपुर और गंगोह भी हैं। रामपुर से नाै बार विधायक रहे आजम खान 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतकर संसद पहुंच चुके हैं। आजम खान ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्‍मीदवार व फिल्‍म अभिनेत्री जया प्रदा को एक लाख से भी ज्‍यादा वोटों से हराया था। वहीं, गंगोह से विधायक रह चुके प्रदीप कुमार ने 2019 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन की उम्‍मीदवार तबस्‍सुम हसन को शिकस्‍त दी थी। इन दोनों ही सांसदों ने विधायक पद से इस्‍तीफा दे दिया है। इसके बाद रामपुर और गंगोह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं।

ये विधायक भी पहुंचे संसद

रामपुर और गंगोह के अलावा गोविंदनगर क्षेत्र से विधायक सत्यदेव पचौरी के संसद पहुंचने के बाद यहां भी उपचुनाव होना है। टुंडला के एसपी सिंह बघेल, लखनऊ कैंट के डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, बलहा के अक्षयवर लाल गौड़, मानिकपुर के आरके सिंह पटेल, प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के संगम लाल गुप्ता, इगलास के राजवीर सिंह दिलेर और जैदपुर के उपेंद्र सिंह रावत भी 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद संसद पहुंच चुके हैं। इसके बाद इन सभी सीटों पर उपचुनाव होने हैं।

यह है चर्चा

गंगोह विधानसभा सीट के लिए तो रालोद और सपा नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी भी जता दी है। अटकलें सपा, रालोद और कांग्रेस के गठबंधन की भी चल रही हैं। इस बीच रामपुर से भी कुछ नाम चर्चा में चल रहे हैं। रामपुर में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यहां से सपा के कद्दावर नेता आजम खान अपने बेटे अदीब की पत्‍नी को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। आजम खान के बेटे आजम अब्‍दुल्‍ला इस समय स्‍वार टांडा से विधायक हैं। रामपुर से सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव की पत्‍नी डिंपल यादव के भी चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा चल रही है। डिंपल यादव कन्‍नौज से 2019 का लोकसभा चुनाव हार गई थीं। इस बारे में सपा जिलाध्‍यक्ष अखिलेश कुमार का कहना है क‍ि उम्‍मीदवारों के बारे में आजम खान ही फैसला लेंगे। वह ही बताएंगे यहां से कौन चुनाव लड़ेगा और कौन नहीं।

UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर

Published on:
20 Jun 2019 01:38 pm