
रवि सिन्हा
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में स्वतंत्रता दिवस पर जब सारे लोग जश्न-ए-आजादी की खुशी में डूबे थे, इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की। मामला सड़क हादसे से जुड़ा है। पुलिस सूत्रों से घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पतरातु की ओर से रांची आ रही एक कार कांके थाना क्षेत्र में नगड़ी गांव के निकट सड़क क्रॉस कर रहे एक ग्रामीण को बचाने में पलट गई। हालांकि इस हादसे में ग्रामीण को भी मामूली रूप से चोट लगी। लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सड़क पार करने के दौरान ग्रामीण की ओर से बरती गई असावधानी की अनदेखी करते हुए कार चालक को ही दोषी करार देते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
लोगों को बचा कर ले गई पुलिस
उधर, कार पलटने से इस हादसे में कार में सवार एक महिला और तीन अन्य पुरूष सदस्यों को भी हल्की चोटें आई। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस की पीसीआर वैन कार सवार चारों लोगों को भीड़ से सुरक्षित बचाते हुए अपने कब्जे में लेकर अस्पताल गई। पुलिस की ओर से कार सवार लोगों को अस्पताल ले जाने के बाद गुस्साई भीड़ का गुस्सा कार पर उतरा। बताया जाता है कि दूसरी तरफ मौके पर मौजूद भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त कार में किरोसिन तेल छिड़क कर उसमें आग लगा दी। पुलिस भी हुड़दंगियों का यह रूप देख कर थोड़ा पीछे हटी और कार सवार लोगों को बचाने की ओर अपना ध्यान लगाया।
बाधित रहा आवागमन
बताया जाता है कि इस घटना के कारण काफी देर तक पतरातु-रांची मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से सड़क आवागमन को सामान्य करा दिया गया। पुलिस की ओर से कहा गया है कि कार में आग लगाने वाले को चिन्हित कर उनके खिलाड़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अफसर कोशिश कर रहे हैं कि इस घटना का वीडियो बनाने वाले किसी शख्स को चिन्हित करके उसे फुटेज लिए जाएं, ताकि हुड़दंगियों की पहचान हो सके और उन्हें सजा दिलवाई जा सके।