रांची

स्वच्छता तथा साफ और सुरक्षित पेयजल सरकार की प्राथमिकताः रघुवर दास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया है कि 2 अक्टूबर 2019 को महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर उनका स्वच्छ भारत का सपना देश जरूर पूरा करेगा
2 min read
• •
Updated: 10 Jun 2018, 6:51 PM IST
cm Raghuvar Das
cm Raghuvar Das

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि समाज के लिए विभिन्न प्रक्षेत्र में कॉर्पोरेट सोशल रेस्पोंसिबिलिटी के तहत उद्योगपतियों द्वारा किए जाने वाले कार्य निश्चित रूप से सराहनीय हैं। सीएसआर के तहत 1 प्रतिशत खर्च राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में करने का निर्णय राज्य स्तर पर सीएसआर काउंसिल द्वारा लिया गया है।


शहरी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के स्थापना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और जिले को प्लास्टिक से मुक्त बनाने की दिशा में विशेष रूप से केंद्रित होकर प्रयास करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री रविवार को पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में विभिन्न औद्योगिक घरानों और व्यवसायियों द्वारा संपादित कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया है कि 2 अक्टूबर 2019 को महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर उनका स्वच्छ भारत का सपना देश जरूर पूरा करेगा।

सरकार कर रही कुपोषण के कलंक को दूर करने के प्रयास

राज्य सरकार ने तय किया है कि 2 अक्टूबर 2018 तक इस लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा और इस दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संपदा की दृष्टि से झारखंड सबसे संपन्न राज्य है फिर भी इसकी गोद में गरीबी और कुपोषण जैसी समस्याएं हैं। सरकार इस कलंक को निर्मूल करने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। कुपोषण और दूषित जल जनित बीमारियों से निपटने के लिए स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति को मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अप्रैल से 5 मई 2018 तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया गया जिसके तहत राज्य के 252 गांवों में सरकार की सात फ्लैगशिप योजनाओं का शत-प्रतिशत आच्छादन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मुख्यमंत्री के आह्वान पर विभिन्न उद्योगपतियों ने पोटका और डुमरिया के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में जलमीनार के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, शहरी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित करने और पर्यावरण की रक्षा के लिए अपने प्रतिष्ठानों और कर्मचारियों के बीच प्लास्टिक बैग, बोतल इत्यादि के उपयोग को प्रतिबंधित करने हेतु व्यापक जन जागरूकता कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Published on: