
(पत्रिका ब्यूरो,रांची): झारखंड विकास मोर्चा प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रविवार को फिर से भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। राजधानी रांची के हरमू मैदान में आयोजित पार्टी के आदिवासी कार्यकर्त्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा गरीबों के लिए नहीं,बल्कि बड़े-बड़े कॉरपोरेट घरानों के लिए राजनीति करती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जन्म भी भाजपा में ही हुआ है, इसलिए वे भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह से समझते हैं। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में जब से भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बनी है, हर ओर भय एवं तनाव का माहौल है। राज्य में उत्पन्न तनाव के कारण समाज के विभिन्न वर्गों में तनाव का माहौल है।
राज्य सरकार की ओर से ईसाई मिशनरियों पर हो रही कार्रवाई पर बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यदि ईसाई मिशनरियां वर्षां पहले राज्य के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक नहीं पहुंचती, तो आदिवासियों को ताकत भी नहीं मिल पाती, शिक्षा और अन्य सामाजिक कार्यां से जनजातीय क्षेत्र में रहने वाली बड़ी को जवाब मिली, यदि काम नहीं होता, तो कब के यहां से आदिवासियों को भगा दिया जाता। पार्टी की ओर से आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनाधार को बचाए रखने को लेकर कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुट जाने की अपील की गई।
झाविमो के आदिवासी सम्मेलन को पार्टी के महासचिव और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंची थी। आदिवासी महासम्मेलन के जरिये पार्टी की ओर से सरना कोड लागू करने, आदिवासियों की जमीन को बचाने और सीएनटी-एसपीटी संशोधन एक्ट का विरोध करने के दौरान दर्ज मामले को वापस लेने की मांग की गयी।