
JPSC-JSSC Protest: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में पिछले 12 दिनों से जारी छात्रों के अनशन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियां विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "कुल मिलाकर जांच एजेंसियां इस मामले पर पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से काम कर रही हैं। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही किसी ठोस समाधान तक पहुंचेंगे। उन्होंने आगे कहा कि राज्यपाल को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई है। " हेमंत सोरेन ने कहा, "मैंने अभी तक गृह मंत्री से इस मुद्दे पर बात नहीं की है, लेकिन यदि आवश्यकता पड़ी तो निश्चित रूप से उनसे चर्चा करूंगा।" उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से संवाद की अपील करते हुए कहा, "सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जिनकी भी कोई मांग है, वे आगे आकर अपनी बात रखें। सरकार को पहले से ही इस मुद्दे की काफी जानकारी है और यदि छात्र अपनी मांगें हमारे सामने रखते हैं, तो सरकार उन पर गंभीरता से विचार करेगी।"
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में पिछले 12 दिनों से छात्रों का आंदोलन जारी है। अपनी मांगों को लेकर सात छात्र आमरण अनशन पर बैठे थे। इनमें से आज (बुधवार) जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से बातचीत के बाद अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि, देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि वह सामान्य भोजन ग्रहण नहीं करेंगे और फिलहाल केवल नमक-पानी के सहारे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे छह अन्य छात्रों का अनशन पहले की तरह जारी है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो 7 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा।