रांची

एनआरएलएम योजना से गांव की महिलायें स्वावलंबी बनने की ओर अग्रसर

चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखण्ड के सांसद आदर्श ग्राम कादे गांव में स्थानीय महिलाओं ने समूह बनाकर स्कूली बच्चों के ड्रेस सिलाई करने का काम शुरु किया है...
2 min read
• •
Updated: 18 Aug 2018, 3:15 PM IST
file photo
file photo

(पत्रिका ब्यूरो,रांची): भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अपने देश में गरीबों के लिए सबसे बड़ा गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम है। वहीं सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से खासकर राज्य के चतरा जिलें की महिलाएं भरपूर लाभ उठाकर स्वावलंबी बनने की राह पर चल पड़ी है और पूरी तरह से आत्मनिर्भर बन रही है।


चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखण्ड के सांसद आदर्श ग्राम कादे गांव में स्थानीय महिलाओं ने समूह बनाकर स्कूली बच्चों के ड्रेस सिलाई करने का काम शुरु किया है। झारखंड राज्य आजीविका प्रमोशन सोसायटी (एनआरएलएम ) द्वारा इस दिशा में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अधिकारियों को गाँव- गाँव भेजकर महिलाओं के समूह का निर्माण कर स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी कड़ी में चतरा जिलें के कान्हाचट्टी प्रखण्ड की महिलाएँ अब अपने विकास की इबारत खुद गढ़ रही है और तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहीं है। बहरहाल वर्तमान में सांसद आदर्श गाँव कादे की 90 प्रतिशत महिलाए स्वरोजगार से जुड़ चुकी है और सिलाई का प्रशिक्षण पाकर बखूबी स्कूली बच्चों का ड्रेस बना रही है।


सांसद आदर्श ग्राम में सिलाई- कढ़ाई में प्रशिक्षित महिलाओं को चतरा जिला प्रशासन के माध्यम से कान्हाचट्टी प्रखण्ड के 1632 स्कूली छात्र- छात्राओं के लिए दो सेट ड्रेस यानी कुल 3264 स्कूली बच्चों के स्कूल ड्रेस सिलाई करने का काम दिया गया है। ड्रेस सिलाई करने वाली महिलाएं व युवतियों का कहना है कि पढ़ लिख कर वे सभी बेरोजगार होकर घर के अंदर बैठी रहती थी, किन्तु सरकार की इस पहल से वे सभी काफी खुश हैं और सिलाई के काम से हर दिन तीन से चार सौ रुपये मिल जाते हैं। एनआरएलएम के सोमेश कुमार ने महिलाओं को प्रशिक्षित करने का काम किया और महिलाओं को सिलाई, पापड़ व अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। अब यहाँ की 90प्रतिशत महिलाए सखी मंडल से जुड़ प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार से जुड़ चुकी है और कल तक जिन महिलाओं के पास पैसे की तंगी थी और जरूरत पड़ने पर पैसे कहाँ से आएंगे यह सोचना पड़ता था ,लेकिन आज परिस्थितियां बदली है और महिलाएं पूरी तरह से आत्मनिर्भर बन रही है।

Published on: