(पत्रिका ब्यूरो,रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। भारत रत्न और युग दृष्टा के निधन पर नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री खामोश ही रहे। अल सुबह के मौके पर उन्होंने इतना ही कहा-समय ठहर सा गया है, विश्वास ही नहीं हो रहा कि अटल जी हमारे बीच नहीं है। बहुत कुछ कहना चाहता हूं लेकिन शब्द नहीं मिल रहे। अटल जी के लिए कुछ कहना सूरज को दीया दिखाने जैसा है। अटल जी, हमारे अटल जी, सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों के अटल जी निश्चल, निर्भीक और अविरल अटल जी। अटल जी से गुरु शिष्य का, पितृ प्रेम का नाता है। वो हमसे दूर जरुर चले गए हैं लेकिन उनके शब्द अब भी कानों में गूंज रहे हैं। झारखण्ड निर्माण के लिए हम सदा अटल जी के ऋणी रहेंगे। उनकी अनंत स्मृतियां हैं जिन्हें शब्दों में समेटना संभव नहीं। युगपुरुष अटल जी को पुनः शत शत नमन।