रांची

पत्थलगड़ी समर्थकों ने किया सांसद कड़िया मुंडा के तीन अंगरक्षकों का अपहरण,छोडने के लिए रखी यह बड़ी शर्त

यूसुफ पूर्ति के घर छापेमारी के विरोध में पत्थलगड़ी समर्थकों ने घाघरा ग्रामसभा में वोटर कार्ड और आधार कार्ड को भी जला डाला...
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2018, 8:10 PM IST
Pathalgadi supporters kidnap
Pathalgadi supporters kidnap

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): झारखंड के खूंटी जिले में पत्थलगड़ी समर्थकों ने मंगलवार को भाजपा सांसद और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा के घर धावा बोल दिया। उन्‍होंने मुंडा के अन्नीगड़ा स्थित पैतृक गांव स्‍थित घर से तीन सुरक्षाकर्मियों को अगवा कर लिया। पत्थलगड़ी समर्थक चार इंसास रायफल भी अपने साथ ले गए। पत्थलगड़ी समर्थकों ने अपहरण और हथियार लूट की घटना को उस वक्त अंजाम दिया है, जब मंगलवार को सुबह तीन बजे ही खूंटी पुलिस यूसुफ पूर्ति और जॉन जुनास तिडू को गिरफ्तार करने उनके गांव उदबुरु पहुंची थी। लेकिन दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।


सुरक्षाकर्मियों को छोडने के लिए रखी यह मांग

इधर, खूंटी थाना क्षेत्र के बारूड़ी पंचायत के कई गांवों में आज पत्थलगड़ी की जानी थी। दूसरी तरफ खूंटी पुलिस इस पर अंकुश लगाने तैयार थी,ऐसे में जब पत्थलगढ़ी समर्थक तीर-धनुष के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जुलूस की शक्ल में अनगढ़ा की ओर जा रहे थे। इस बीच सांसद कड़िया मुंडा के घर के निकट पत्थलगड़ी समर्थकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें कई ग्रामीण घायल हो गए और पुलिस को वापस लौटना पड़ा। पत्थलगड़ी समर्थकों ने मांग की है कि राष्ट्रपति या हाइकोर्ट के जज आएंगे तभी सांसद कड़िया मुंडा के सुरक्षाकर्मियों को रिहा किया जाएगा। तीनों अगवा अंगरक्षकों को घाघरा गांव ले जाया गया है,जहां उन्हें ग्रामसभा में रखा गया है।


यह बताया अगवा करने का कारण

प्रदर्शनकारी पत्थलगड़ी समर्थकों ने ग्रामसभा में सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस उन सभी के साथ नक्सलियों के जैसा सलूक कर रही है, आदिवासियों को मारपीट कर जेल भेज रही है, इसलिए ग्रामसभा जवानों को पकड़ कर ले आइ है। जब तक राज्यपाल, राष्ट्रपति या हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट के जज ग्रामसभा में पत्थलगड़ी पर बहस नहीं करेंगे, तब तक जवानों को ग्रामसभा की कस्टडी में सुरक्षित रखा जाएगा। यूसुफ पूर्ति के घर छापेमारी के विरोध में पत्थलगड़ी समर्थकों ने घाघरा ग्रामसभा में वोटर कार्ड और आधार कार्ड को जला डाला।


कार्रवाई में जुटी पुलिस

दूसरी तरफ अपहृत अंगरक्षकों की सकुशल रिहाई को लेकर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पूरे मामले को नियंत्रित करने के लिए दूसरे जिलों से मंगाई गई पुलिस टीम को भी क्षेत्र की ओर रवाना कर दिया है।

Published on: